नवरात्रि पर 'रामायण' के मेकर्स का बड़ा ऐलान, 5 नवंबर को आएगा पहला भाग

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि पर 'रामायण' के मेकर्स का बड़ा ऐलान, 5 नवंबर को आएगा पहला भाग


नवरात्रि पर 'रामायण' के मेकर्स का बड़ा ऐलान, 5 नवंबर को आएगा पहला भाग


मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि के पहले दिन फिल्म 'रामायण' के निर्माताओं ने इसके पहले भाग की रिलीज तारीख का ऐलान किया है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही यह फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस मौके पर फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं। निर्माताओं ने पोस्टर के साथ संदेश दिया, यह राम के युग का आरंभ है। फिल्म की एडवांस बुकिंग दशहरे के अवसर पर शुरू होगी।

नए पोस्टर में फिल्म के प्रमुख किरदारों के भव्य रूप के साथ इसकी विशाल दुनिया की झलक दिखाई गई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ पोस्टर में यश का रावण के रूप में प्रभावशाली अवतार भी नजर आ रहा है। शानदार वेशभूषा और बारीकियों से तैयार दृश्य फिल्म के पैमाने को दर्शाते हैं। नवरात्रि के अवसर पर रिलीज तारीख की घोषणा को खास माना जा रहा है, क्योंकि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। निर्माताओं ने इसे फिल्म के सिनेमाई सफर की शुरुआत बताते हुए दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने की कोशिश की है।

दो भागों में बन रही 'रामायण' में सनी देओल हनुमान की भूमिका निभाएंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी और इसे आईमैक्स प्रारूप में भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके दूसरे भाग को दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। भारतीय महाकाव्य 'रामायण' पर आधारित इस फिल्म से निर्माताओं को बड़े पर्दे पर एक भव्य सिनेमाई अनुभव पेश करने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story