सनी देओल के साथ 'घातक घुस के मारेगा' पर काम कर रहे राजकुमार संतोषी
निर्देशक राजकुमार संतोषी ने सनी देओल के साथ अपनी अगली फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। संतोषी के मुताबिक, दोनों की नई फिल्म 'घातक घुस के मारेगा' पर काम चल रहा है और जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। फिल्म एक्शन और ड्रामा से भरपूर होगी, जिसमें सनी देओल एक बार फिर अपने दमदार और आक्रामक अंदाज में नजर आएंगे। हालांकि, संतोषी ने स्पष्ट किया है कि यह 1996 में रिलीज हुई सनी देओल की सुपरहिट फिल्म ‘घातक’ का सीक्वल नहीं है, बल्कि बिल्कुल नई कहानी है।
फिल्म में सनी देओल का किरदार 'घातक' के उनके लोकप्रिय अंदाज की याद दिलाएगा। संतोषी के अनुसार, फिल्म में जबरदस्त एक्शन के साथ दमदार डायलॉग और भावनात्मक पहलू भी देखने को मिलेंगे। हाल ही में रिलीज हुई 'बंटवारा 1947' के बाद यह राजकुमार संतोषी और सनी देओल की साथ में अगली फिल्म होगी। दोनों की जोड़ी इससे पहले 'घायल', 'दामिनी' और 'घातक' जैसी फिल्मों में दर्शकों को प्रभावित कर चुकी है, ऐसे में नई फिल्म को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है।
राजकुमार संतोषी सनी देओल के साथ अन्य प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे हैं। इनमें एक एक्शन-ड्रामा फिल्म शामिल है, जिसमें सनी अमेरिका में रहने वाले एक सिख की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा दोनों 'अदा अपनी अपनी' नाम की कॉमेडी फिल्म पर भी काम कर रहे हैं, जिसका अंदाज 'अंदाज अपना अपना' की तर्ज पर बताया जा रहा है। वहीं, 'जाट 2' के निर्देशन को लेकर संतोषी ने कहा कि उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया, क्योंकि वह सीक्वल बनाने के बजाय नई और ओरिजिनल कहानियों पर काम करना पसंद करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

