'क्वीन' के सीक्वल की तैयारी तेज, 'क्वीन फॉरएवर' हो सकता है नया नाम

WhatsApp Channel Join Now
'क्वीन' के सीक्वल की तैयारी तेज, 'क्वीन फॉरएवर' हो सकता है नया नाम


साल 2014 में रिलीज हुई 'क्वीन' की सफलता के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अभिनेत्री कंगना रनौत की इस चर्चित फिल्म का दूसरा भाग जल्द ही फ्लोर पर जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए 'क्वीन फॉरएवर' शीर्षक पर विचार किया जा रहा है और इसे अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। निर्माताओं का मानना है कि यह नाम फिल्म की थीम के अनुरूप है और आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, सीक्वल का निर्माण ट्रिगर हैप्पी एंटरटेनमेंट के अमित चंद्रा द्वारा किया जाएगा। फिल्म में कंगना का लोकप्रिय किरदार 'रानी' इस बार विदेश यात्रा के बजाय भारत के विभिन्न शहरों की सैर करता नजर आएगा। कहानी आत्म-खोज के नए अध्याय पर आधारित होगी, जिसमें रानी का सफर एक बार फिर उसके व्यक्तित्व में बड़ा बदलाव लाएगा। इससे पहले इस बैनर ने फरहान अख्तर की फिल्म '120 बहादुर' का निर्माण भी किया है।

गौरतलब है कि 'क्वीन' में राजकुमार राव और लीजा हेडन ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म का निर्माण फैंटम फिल्म्स के विक्रमादित्य मोटवाने और अनुराग कश्यप ने वायकॉम18 मोशन पिक्चर्स के साथ मिलकर किया था। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिली थी और कंगना रनौत को उनके अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story