राजामौली ने जारी किया 'वाराणसी' से प्रियंका चोपड़ा का नया लुक

WhatsApp Channel Join Now
राजामौली ने जारी किया 'वाराणसी' से प्रियंका चोपड़ा का नया लुक


निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का नया लुक उनके जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया है। राजामौली ने सोशल मीडिया पर फिल्म से प्रियंका की दो नई तस्वीरें शेयर करते हुए उनके किरदार 'मंदाकिनी' से दर्शकों को रूबरू कराया। तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई।

राजामौली ने पोस्ट के साथ लिखा कि जब 'मंदाकिनी' मुस्कुराती हैं तो उनके चेहरे पर सादगी और नजाकत दिखाई देती है, लेकिन उनकी खामोशी और आंखों की दृढ़ता किसी भी चुनौती का सामना करने का साहस बयां करती है। जारी तस्वीरों में एक ओर प्रियंका गंभीर अंदाज में नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह पहाड़ी पृष्ठभूमि के बीच मुस्कुराते हुए छलांग लगाती दिखाई दे रही हैं, जो उनके किरदार के अलग-अलग रंगों की झलक पेश करती है।

'आरआरआर' की वैश्विक सफलता के बाद राजामौली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साथ लौट रहे हैं। फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा करीब आठ वर्ष बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं। विजयेंद्र प्रसाद द्वारा लिखित इस फिल्म की कहानी पौराणिक कथाओं, भारतीय लोककथाओं और टाइम ट्रैवल जैसे विज्ञान-फंतासी तत्वों का मिश्रण है। 'वाराणसी' 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story