रजनीकांत और कमल हासन फिर आ रहे साथ, 'आरकेxकेएच' का पोस्टर जारी

WhatsApp Channel Join Now
रजनीकांत और कमल हासन फिर आ रहे साथ, 'आरकेxकेएच' का पोस्टर जारी


साउथ सिनेमा के दो दिग्गज सितारे रजनीकांत और कमल हासन एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। निर्माताओं ने उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आरकेxकेएच' का पहला पोस्टर जारी कर दिया है। पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्रोमो के लिए दोनों सितारों ने रेट्रो लुक में शूटिंग की है, जिसकी झलक पोस्टर में साफ दिखाई दे रही है। इसे 'कूल रेट्रो स्वैग' थीम दी गई है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा क्रेज है।

जारी पोस्टर में दो अलग-अलग व्यक्तियों के हाथ दिखाए गए हैं। एक हाथ में सोने की चमचमाती घड़ी नजर आ रही है, जबकि दूसरे हाथ में सोने की अंगूठी दिखाई दे रही है। बिना चेहरा दिखाए ही निर्माताओं ने रहस्य और उत्सुकता को बरकरार रखा है। पोस्टर की डिजाइन और टोन से संकेत मिलता है कि प्रोमो वीडियो विंटेज स्टाइल में तैयार किया गया है, जो दर्शकों को बीते दौर की याद दिलाएगा।

निर्माताओं ने बताया है कि फिल्म का प्रोमो 21 फरवरी, शनिवार को दोपहर 12:07 बजे जारी किया जाएगा। इस फिल्म के निर्देशन की कमान नेल्सन दिलीपकुमार ने संभाली है, जो अपनी स्टाइलिश और मनोरंजक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। अब दर्शकों को प्रोमो रिलीज का इंतजार है, जिससे फिल्म की कहानी और दोनों सुपरस्टार्स के किरदारों को लेकर और तस्वीर साफ हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story