नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, टीम ने दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, टीम ने दी जानकारी


मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री नुसरत भरूचा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। बाली में शूटिंग के दौरान हुए हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल अभिनेत्री बाली के एक अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके टीम के आधिकारिक बयान के मुताबिक, डॉक्टरों की जांच के बाद नुसरत की रीढ़ की सर्जरी की जाएगी। इसके लिए उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की तैयारी की जा रही है।

नुसरत के टीम ने बताया कि इस समय अभिनेत्री का स्वास्थ्य टीम की प्राथमिकता है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। टीम ने नुसरत के प्रशंसकों और शुभचिंतकों की चिंता तथा शुभकामनाओं के लिए आभार जताया है। साथ ही सभी से अभिनेत्री की निजता का सम्मान करने और उन्हें इलाज तथा स्वास्थ्य लाभ पर ध्यान देने की अपील की गई है। उचित समय पर नुसरत की स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

बताया जा रहा है कि चोट की गंभीरता और प्रस्तावित सर्जरी के चलते नुसरत को पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए कुछ समय आराम करना पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले कुछ सप्ताह उनके काम पर असर डाल सकते हैं। नुसरत शूटिंग के सिलसिले में बाली गई थीं, जहां सेट पर हादसा हो गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उन्हें आगे के उपचार के लिए मुंबई लाने की तैयारियां की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story