'द इंडिया स्टोरी' का नया पोस्टर आया सामने

WhatsApp Channel Join Now
'द इंडिया स्टोरी' का नया पोस्टर आया सामने


आगामी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है। सामाजिक मुद्दे पर आधारित इस फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ज़ी स्टूडियोज़ के सहयोग से एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

फिल्म की कहानी कीटनाशकों के अंधाधुंध इस्तेमाल और उससे मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों पर आधारित है। जारी पोस्टर में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े सब्जी मंडी के बीच गुस्साई भीड़ से घिरे नजर आ रहे हैं। पोस्टर में आक्रोशित लोग उन पर सब्जियां फेंकते दिखाई देते हैं, जबकि स्लो पॉइज़न इन प्रोग्रेस टैगलाइन फिल्म के मुख्य विषय और समाज के सामने मौजूद एक गंभीर खतरे की ओर संकेत करती है।

निर्देशक चेतन डीके ने कहा कि यह पोस्टर सच सामने लाने की कीमत और व्यवस्था को चुनौती देने वालों के संघर्ष को दर्शाता है। उनके अनुसार, फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करना है कि वे क्या खा रहे हैं और किस पर भरोसा कर रहे हैं। फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story