'नागबंधम' का नया एडिट 5 जुलाई से सिनेमाघरों में, 20 मिनट घटाई गई फिल्म की अवधि

WhatsApp Channel Join Now
'नागबंधम' का नया एडिट 5 जुलाई से सिनेमाघरों में, 20 मिनट घटाई गई फिल्म की अवधि


'नागबंधम' का नया एडिट 5 जुलाई से सिनेमाघरों में, 20 मिनट घटाई गई फिल्म की अवधि


पैन इंडिया पौराणिक एडवेंचर फिल्म 'नागबंधम' को दर्शकों के लिए और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से मेकर्स ने बड़ा फैसला लिया है। फिल्म की अवधि में करीब 20 मिनट की कटौती की गई है। अब 5 जुलाई से सिनेमाघरों में फिल्म का नया एडिटेड वर्जन प्रदर्शित किया जाएगा, जिसकी कुल अवधि 2 घंटे 45 मिनट होगी। निर्माताओं का मानना है कि नए संस्करण से फिल्म की गति और कहानी का प्रवाह पहले से अधिक प्रभावशाली हो जाएगा।

रिलीज के बाद से 'नागबंधम' अपने भव्य विजुअल्स, पौराणिक कथानक, रहस्यमयी दुनिया और एडवेंचर से भरपूर प्रस्तुति को लेकर चर्चा में रही है। फिल्म के ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी थी। रहस्यमयी शहर, दिव्य ब्रह्मकमल, नाग, अघोरी, छिपे खजाने और भगवान शिव से प्रेरित तत्वों ने इसकी दुनिया को खास बनाया है। फिल्म में विराट कर्णा, नभा नतेश, दक्षा नागरकर, ऋषभ साहनी, महेश मांजरेकर और गणेश आचार्य प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

निर्माता निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी ने कहा कि दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए यह फैसला लिया गया है और नया वर्जन पहले से ज्यादा शार्प, सटीक और रोमांचक महसूस होगा। वहीं निर्देशक अभिषेक नामा के अनुसार, फिल्म की आत्मा को बरकरार रखते हुए उसकी गति और कहानी के प्रवाह को बेहतर बनाया गया है। एनआईके स्टूडियोज और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले बनी तथा ज़ी स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत 'नागबंधम' अब 5 जुलाई से अपने नए एडिटेड संस्करण के साथ सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story