'मिर्जापुर: द मूवी' की पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
'मिर्जापुर: द मूवी' की पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत


'मिर्जापुर: द मूवी' की पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत


लंबे समय से दर्शकों के बीच चर्चा में रही 'मिर्जापुर: द मूवी' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और फिल्म ने पहले ही दिन दमदार शुरुआत की है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की इस फिल्म ने हिंदी में 27.85 करोड़ रुपये और तेलुगु में 26 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म की पहले दिन की कुल कमाई 28.11 करोड़ रुपये रही। अली फजल, दिव्येंदु और पंकज त्रिपाठी स्टारर यह फिल्म लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ की दुनिया को पहली बार बड़े पर्दे पर लेकर आई है।

फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया और अच्छे वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिलता नजर आ रहा है। कई जगहों पर हाउसफुल शो और दर्शकों के उत्साह ने इसकी ओपनिंग को और मजबूत किया है। छोटे पर्दे से बड़े पर्दे तक पहुंची 'मिर्जापुर' की दुनिया के लिए पहले दिन का यह कलेक्शन फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को दर्शाता है। फेस्टिवल वीकेंड का फायदा भी फिल्म को मिलने की उम्मीद है, ऐसे में आने वाले दिनों में इसकी कमाई में और इजाफा हो सकता है।

फिल्म में अली फजल, दिव्येंदु और पंकज त्रिपाठी के अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल चौहान जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story