रहस्यों में उलझे अक्षय ओबेरॉय, 'लव लॉटरी' का पोस्टर जारी

WhatsApp Channel Join Now
रहस्यों में उलझे अक्षय ओबेरॉय, 'लव लॉटरी' का पोस्टर जारी


क्राइम-सस्पेंस सोशल ड्रामा फिल्म 'लव लॉटरी' का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है। पोस्टर में हेली दारूवाला दुल्हन के लुक में नजर आ रही हैं, जबकि अक्षय ओबेरॉय का किरदार कई सवालों और रहस्यों के बीच उलझा दिखाई देता है। दोनों कलाकारों के अलग अंदाज ने फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अरविंद पांडे के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिश्तों, भरोसे, अपराध और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखती है।

'लव लॉटरी' में पुरुष अधिकारों जैसे संवेदनशील मुद्दे को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म किसी एक निष्कर्ष को थोपने के बजाय रिश्तों की जटिलताओं, सामाजिक सोच और न्याय से जुड़े सवालों को मनोरंजक एवं रहस्यमयी अंदाज में दर्शकों के सामने रखने की कोशिश करती है। निर्देशक अरविंद पांडे ने कहा कि फिल्म सिर्फ क्राइम-सस्पेंस कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसे सामाजिक विषय पर भी चर्चा करती है, जिस पर बातचीत जरूरी है। लेखक अंकुर खत्री के मुताबिक, कहानी में भावनाओं और रिश्तों के साथ सस्पेंस को इस तरह बुना गया है कि दर्शक लगातार आगे की घटनाओं को लेकर अनुमान लगाते रहें।

सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण कुलदीप भार्गव उर्फ तुषार ने किया है। पटकथा और कहानी अंकुर खत्री ने लिखी है। फिल्म में अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला के अलावा कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन और संतोष शुक्ला समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। नवीन वी. मिश्रा ने सिनेमैटोग्राफी, प्रकाश झा ने संपादन और वरुण मिश्रा व अरविंद पांडे ने संगीत दिया है। 'लव लॉटरी' 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story