'रॉ' की कहानी बड़े पर्दे पर लाएंगे करण जौहर

WhatsApp Channel Join Now
'रॉ' की कहानी बड़े पर्दे पर लाएंगे करण जौहर


मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। निर्माता करण जौहर भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के संस्थापक रामेश्वर नाथ काओ की जिंदगी पर बायोपिक बनाने जा रहे हैं। यह फिल्म लेखक नितिन गोखले की किताब 'आर.एन. काओ: जेंटलमैन स्पाईमास्टर' पर आधारित होगी। फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव मिलकर बनाएंगे। फिल्म की रिलीज तारीख 11 अगस्त 2028 तय की गई है।

फिल्म में आर.एन. काओ के 1955 से 1971 तक के सफर को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। कहानी में भारतीय खुफिया तंत्र के विकास और रॉ की स्थापना के साथ जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश के गठन से जुड़े अहम खुफिया अभियानों में काओ की भूमिका पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म के जरिए रॉ के शुरुआती दौर और उसके पीछे काम करने वाले लोगों की कहानी दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। करण जौहर ने इस परियोजना को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि वह इस महत्वपूर्ण कहानी को बड़े पर्दे पर लाने के लिए उत्साहित हैं। फिल्म की रिलीज रॉ की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर होगी और इसे एजेंसी के इतिहास को समर्पित एक विशेष सिनेमाई प्रस्तुति के तौर पर पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story