करण जौहर ने किया 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
करण जौहर ने किया 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का ऐलान


करण जौहर ने किया 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का ऐलान


मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म निर्माता करण जौहर की चर्चित फ्रेंचाइजी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' की तीसरी कड़ी का आधिकारिक ऐलान हो गया है। इस बार कहानी बड़े पर्दे के बजाय वेब सीरीज के रूप में दर्शकों के सामने आएगी। धर्मा प्रोडक्शंस की इस सीरीज का नाम 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' रखा गया है, जिसमें अभिनेत्री शनाया कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। सीरीज के प्रोमो से संकेत मिलता है कि इस बार सेंट टेरेसा स्कूल की कहानी रोमांस से आगे बढ़कर रहस्य और डर के नए संसार में प्रवेश करेगी।

निर्माताओं ने सीरीज का प्रोमो जारी कर इसकी रहस्यमयी कहानी की झलक दिखाई है। इसमें शनाया कपूर की भी एक झलक देखने को मिलती है। फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों से अलग इस बार युवाओं की जिंदगी के अंधेरे पहलुओं और गंभीर घटनाओं को केंद्र में रखे जाने की उम्मीद है। हालांकि, कहानी के विस्तृत पहलुओं को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। सीरीज में मान्या ग्रोवर, दिव्यिक शर्मा, आदि मलिक और अभिनव सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का निर्देशन लघु फिल्मों के लिए पहचान रखने वाली रीमा माया ने किया है। सीरीज 13 नवंबर, 2026 को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी। फ्रेंचाइजी को नए अंदाज में पेश करने की इस कोशिश से निर्माताओं ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story