रिलीज से पहले छाया 'जन नेता', पोस्टर और बुकिंग ने मचाई धूम
थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नेता' की रिलीज में अब सिर्फ तीन दिन बाकी हैं। ऐसे में निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। पोस्टर में थलपति विजय दमदार पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि बॉबी देओल का आक्रामक अंदाज दोनों के बीच जबरदस्त टकराव का संकेत देता है। पोस्टर से साफ है कि फिल्म में भरपूर एक्शन और बड़े पैमाने का मनोरंजन देखने को मिलेगा।
फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसकी अग्रिम टिकट बुकिंग को भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और कई शहरों में दर्शक तेजी से टिकट आरक्षित करा रहे हैं। खास बात यह है कि 'जन नेता' को बड़े पर्दे पर थलपति विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। इसी वजह से उनके प्रशंसकों में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले वेंकट के. नारायण ने ज़ी स्टूडियोज़ के सहयोग से किया है। 'जन नेता' 23 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं को उम्मीद है कि फिल्म शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

