हनुमान जी पर कोई भी फिल्म बनाने का प्रस्ताव मिला तो बाकी सब छोड़ देंगे : विशाल चतुर्वेदी

WhatsApp Channel Join Now
हनुमान जी पर कोई भी फिल्म बनाने का प्रस्ताव मिला तो बाकी सब छोड़ देंगे : विशाल चतुर्वेदी


हनुमान जी पर कोई भी फिल्म बनाने का प्रस्ताव मिला तो बाकी सब छोड़ देंगे : विशाल चतुर्वेदी


पणजी, 28 नवंबर (हि.स.) महान संत बाबा नीम करौरी महाराज के जीवनलीला पर आधारित फिल्म हनुमान अंश के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी को हनुमान जी में इतनी आस्था है कि यदि उन्हें अपने इष्ट पर कोई फिल्म बनाने को मौका मिले तो वह बाकी सबकुछ छोड़ कर चल देंगे।

यहां गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हनुमान अंश की स्क्रीनिंग के बाद हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में डाॅ. चतुर्वेदी ने कहा कि उनके सामने फिल्म के कथानक को सबके विश्वास पर खरा उतरने लायक बनाना एक चुनौती थी। एक संत के जीवन में सादगी सबसे अहम चीज़ होती है। इसलिए उनके लिए यह महत्वपूर्ण लक्ष्य था कि फिल्म को देखने के बाद भक्ति जगे।

फिल्म के संगीत के चयन प्रक्रिया के बारे में चर्चा करने पर डाॅ. चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने इन कलाकारों को पहले से ही चिह्नित कर रखा था। उन्होंने यह भी बताया कि संगीत में भी सादगी रखना, उनकी प्राथमिकता थी। इसलिए कुछ गीतों की रिकॉर्डिंग में साउंड इफेक्ट्स और तकनीकी प्रयोगों को दूर रखा और सामान्य रूप से गाते हुए ही फिल्म में रखा।

सुनील लोधी के मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान.... गीत के बारे उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक गीत को देख कर उन्होंने सुनील से संपर्क किया और मुंबई में पहली मुलाकात में कुछ ही घंटों के भीतर गाना रिकॉर्ड हो गया।

हनुमान जी के अनन्य भक्त विशाल चतुर्वेदी बुन्देलखण्ड के झाँसी जिले के बरुआ सागर के रहने वाले हैं और दतिया में पीताम्बरा पीठ से दीक्षा प्राप्त साधक भी हैं। शिक्षा से एमबीबीएस डॉक्टर विशाल चतुर्वेदी कई वर्षों से हनुमान चालीसा क्लब भी चलाते हैं जिसमें सैकड़ों लोग जुड़े हुए हैं।

एक सवाल के जवाब में डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि अगर उन्हें हनुमानजी पर कोई फिल्म बनाने का प्रस्ताव आता है तो वह सबकुछ छोड़ कर चल देंगे। उनसे पूछा गया था कि क्या वह कर्नाटक में हम्पी स्थित किष्किंधा क्षेत्र को लेकर कोई फिल्म बनाने में रुचि लेंगे।

डॉ. विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित हिंदी फिल्म 'हनुमान अंश' (अवधि 150 मिनट) एक त्रयी (ट्रिलॉजी) के पहले अध्याय के रूप में प्रस्तुत की गई है, जो महान संत और रहस्यदर्शी नीम करौरी बाबा के आध्यात्मिक सफर को दर्शाती है। कहानी की शुरुआत वर्तमान उत्तर प्रदेश के एक छोटे-से गाँव में जन्मे युवा लक्ष्मीनारायण से होती है, जो जीवन, मृत्यु और मानवीय पीड़ा के अर्थ को समझने की तलाश में आध्यात्मिकता की ओर खिंचते हैं। घर की सुख-सुविधाओं को छोड़कर वे सत्य की खोज में उत्तर भारत में निकल पड़ते हैं, जहाँ संतों, भक्तों और सामान्य लोगों से मिलते हुए वे अनजाने में कई जिंदगियों को गहराई से बदलते हैं। नीम करोली गाँव के पास ट्रेन से जुड़ी एक रहस्यमयी घटना उनके जीवन में बड़ा मोड़ लाती है, जिसके बाद उन्हें वह पहचान मिलती है जिससे वे आगे चलकर नीम करोली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए।

इस विवरण की सबसे खास बात यह है कि यह केवल एक स्थानीय या पारंपरिक संत की कथा तक सीमित नहीं रहती बल्कि उनके प्रभाव के वैश्विक विस्तार को भी रेखांकित करती है। स्टीव जॉब्स, मार्क ज़ुकरबर्ग, जूलिया रॉबर्ट्स और लैरी ब्रिलियंट जैसी जानी-मानी हस्तियों की प्रेरणा के रूप में जाने जाने वाले नीम करोली बाबा की विरासत आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करती है। इसी सूत्र को जोड़ते हुए यह फिल्म एक ऐसे संत की कहानी बयां करती है, जिन्होंने उन लोगों को प्रेरित किया जो स्वयं आज दुनिया भर के लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

डॉ. विशाल चतुर्वेदी की पहचान एक भारतीय फ़िल्मकार, लेखक और निर्देशक के रूप में है जो अपनी सशक्त कथा-शैली और रचनात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हुड़दंग (2022), डेढ़ बीघा ज़मीन (2024) और ये दिल बिल (2025) में क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में काम किया, अनुभव सिन्हा के साथ तीन वर्षों तक जुड़कर सामाजिक सरोकारों वाली परियोजनाओं में योगदान दिया तथा म्यूज़िक वीडियो, विज्ञापनों और शॉर्ट फ़िल्मों सहित 100 से अधिक प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। लेखन के क्षेत्र में उन्होंने फ़ौजी 2 लिखी और अपनी किताब डिवाइन डिटोर तथा नीम करोली बाबा के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित फ़िल्म हनुमान अंश (2026) का लेखन व निर्देशन किया, जो कम बजट में बनकर भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई। वह पहले चिकित्सा के पेशे से जुड़े थे और बाद में फिल्म निर्माण को पूर्णकालिक रूप से अपनाने के लिए उन्होंने चिकित्सा और संगीत दोनों छोड़ दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story