बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का जलवा

WhatsApp Channel Join Now
बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का जलवा


विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी भक्ति फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और शुरुआत में इसकी रफ्तार काफी धीमी रही। फिल्म ने पहले दिन महज 10 लाख रुपये का कारोबार किया था, लेकिन दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसकी कमाई में लगातार इजाफा हुआ। 24 दिनों में फिल्म ने भारत में 47.33 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।

फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा उछाल 24वें दिन देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक 5,000 से अधिक शोज में 'हनुमान अंश' ने 12.75 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कमाई की। रिलीज के पहले सप्ताह में फिल्म ने सिर्फ 1.08 करोड़ रुपये जुटाए थे, जबकि दूसरे सप्ताह में इसकी कमाई में करीब 40 लाख रुपये का ही इजाफा हुआ। हालांकि, तीसरे सप्ताह में दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का असर बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आया और फिल्म की कमाई 10 करोड़ रुपये से आगे पहुंच गई। चौथे सप्ताह में भी फिल्म की रफ्तार बनी हुई है।

करीब 2 करोड़ रुपये के कम बजट में बनी 'हनुमान अंश' अब 50 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है। फिल्म की मौजूदा कमाई ने इसके निर्माताओं को लागत के मुकाबले 20 गुना से अधिक रिटर्न दिलाया है। शुरुआत में धीमी रहने के बावजूद दर्शकों की पसंद और सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म की किस्मत बदल दी। 'हनुमान अंश' की सफलता एक बार फिर साबित करती है कि मजबूत विषय और दर्शकों की जुड़ाव वाली कहानी कम बजट में भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल कर सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story