दिसंबर में सिनेमाघरों में धमाल मचा सकती है 'गोलमाल 5', सामने होगी 'फौजी'

WhatsApp Channel Join Now
दिसंबर में सिनेमाघरों में धमाल मचा सकती है 'गोलमाल 5', सामने होगी 'फौजी'


अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'गोलमाल 5' को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली यह फिल्म दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यदि रिपोर्ट सही साबित होती है तो फिल्म का मुकाबला प्रभास की मेगा बजट फिल्म 'फौजी' और अक्षय कुमार की आगामी फिल्म से होगा, जिससे साल के अंत में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश देखने को मिल सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, अजय देवगन और संजय दत्त अभिनीत फिल्म 'रेंजर' पहले दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज 2027 तक टाल दी गई है। इसके बाद खाली हुई रिलीज विंडो में 'गोलमाल 5' को लाने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले इस फिल्म को 2027 की शुरुआत में रिलीज किए जाने की चर्चा थी। रोहित शेट्टी और अजय देवगन की सफल जोड़ी को देखते हुए ट्रेड सर्किट में इस फैसले को काफी अहम माना जा रहा है।

अगर तय कार्यक्रम के अनुसार फिल्म रिलीज होती है तो बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। प्रभास की 'फौजी' 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि 4 दिसंबर को अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी अक्षय कुमार की अभी तक अनटाइटल्ड फिल्म रिलीज होने वाली है, जिसमें विद्या बालन और राशि खन्ना भी नजर आएंगी। ऐसे में 'गोलमाल 5' की संभावित एंट्री दिसंबर को साल का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस रण बना सकती है। फिलहाल दर्शकों की निगाहें निर्माताओं की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story