गोवा फिल्म फेस्टिवल आईएफएफआई -2026: दूसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार में आकर्षण का केंद्र बना बिहार पवेलियन

WhatsApp Channel Join Now
गोवा फिल्म फेस्टिवल आईएफएफआई -2026: दूसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार में आकर्षण का केंद्र बना बिहार पवेलियन


गोवा फिल्म फेस्टिवल आईएफएफआई -2026: दूसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार में आकर्षण का केंद्र बना बिहार पवेलियन


गोवा, 21 नवंबर (हि.स.)। गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई)-2026 के दूसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन फिल्म जगत से जुड़े लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।

बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में पहुंची बिहार की टीम ने फिल्मकारों, निर्माताओं एवं फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को बिहार फिल्म नीति, राज्य के विविध शूटिंग लोकेशन, फिल्म शूटिंग की अनुमति तथा अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

इस अवसर पर निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार का बिहार पवेलियन में अंगवस्त्र एवं मिथिला पेंटिंग भेंट कर स्वागत किया।

निगम के प्रबंध निदेशक ने रामोजी फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक विजेश्वरी के साथ बिहार में फिल्म निर्माण के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा की। उन्होंने राज्य में फिल्म सिटी के निर्माण की संभावनाओं पर विचार करने तथा बिहार में फिल्म सिटी स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।

इसी क्रम में डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता एवं ब्रिटेन के पूर्व सांसद एरिक ओलरेंशॉ के साथ बिहार फिल्म नीति और राज्य के अनछुए शूटिंग लोकेशन पर चर्चा हुई। एरिक ओलरेंशॉ ने बिहार में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाओं को स्वीकार करते हुए राज्य को एक्सप्लोर करने की इच्छा जताई।

अभिनेता एवं एंकर चार्ल्स स्टुअर्ट थॉमसन ने बिहार फिल्म नीति लागू करने के लिए बिहार सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार का भौगोलिक परिदृश्य विविधताओं से भरा हुआ है और आवश्यकता इनकी बेहतर ब्रांडिंग करने की है।

इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर एसोसिएशन (आईएमपीपीए) के अध्यक्ष अभय सिन्हा एवं महासचिव निशांत उज्ज्वल ने निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार से मुलाकात की। उन्होंने बिहार फिल्म नीति के सफल क्रियान्वयन के लिए बिहार सरकार को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर आईएमपीपीए के महासचिव निशांत उज्ज्वल ने फिल्म निर्माताओं से बिहार में फिल्म शूटिंग करने की अपील की। उन्होंने स्वयं भी जल्द ही बिहार में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग करने की बात कही। उन्होंने कहा, “बिहार में फिल्म सब्सिडी नीति की शुरुआत से उत्साहित हूँ। बिहारी होकर अपनी धरती पर फिल्म शूट करना मेरे लिए बेहद सुखद और गर्व का अनुभव होगा।”

बिहार पवेलियन में संजीव पराशर, रजत दूबे, संतोष श्रीराम, ललित राव, शर्मिष्ठा शाहा, अमोल शिंदे, संजय नंदन, आकांक्षा नवल, आजाद आलम, रामा भास्कर, सुब्रो चौधरी एवं विनय इमैनुअल सहित फिल्म जगत से जुड़े दर्जनों लोगों ने विजिट किया।

आईएफएफआई -2026 के वेव्स फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन के माध्यम से राज्य की फिल्म नीति, शूटिंग लोकेशन एवं फिल्म निर्माण की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story