24 जुलाई से शुरू होगी 'आदर्श बाल विद्यालय' की मजेदार क्लास

WhatsApp Channel Join Now
24 जुलाई से शुरू होगी 'आदर्श बाल विद्यालय' की मजेदार क्लास


प्राइम वीडियो ने अपनी नई ओरिजिनल कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ 'आदर्श बाल विद्यालय' के वर्ल्डवाइड प्रीमीयर की घोषणा कर दी है। सात एपिसोड वाली यह सीरीज़ 24 जुलाई को भारत सहित दुनिया के 240 देशों और क्षेत्रों में हिंदी भाषा तथा अंग्रेज़ी सबटाइटल्स के साथ स्ट्रीम होगी।

हिमांक गौर के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ का निर्माण पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने किया है। सीरीज़ में के.के. मेनन मुख्य भूमिका में हैं जबकि अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, देवेन भोजानी, अभिमन्यु सिंह, प्राची शाह और अन्य कलाकार भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।

सीरीज़ की कहानी एक बदहाल सरकारी स्कूल और उसके बेफिक्र लेकिन जुझारू हेडमास्टर ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (के.के. मेनन) के इर्द-गिर्द घूमती है। कैंब्रिज में आयोजित एक सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा उन्हें स्कूल की तस्वीर बदलने के मिशन पर ले जाती है। सीमित संसाधनों, शरारती छात्रों, अभिभावकों की बेरुखी और प्रशासनिक चुनौतियों के बीच यह कहानी हास्य और भावनाओं के जरिए शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को सामने लाती है।

प्राइम वीडियो इंडिया के ऑरिजिनल्स प्रमुख निखिल मधोक ने कहा कि 'आदर्श बाल विद्यालय' मनोरंजन के साथ शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है। वहीं, बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने बताया कि यह सीरीज़ उन शिक्षकों और छात्रों की कहानी है, जो तमाम मुश्किलों के बावजूद उम्मीद नहीं छोड़ते। उनके अनुसार, के.के. मेनन ने हेडमास्टर के किरदार को अपने प्रभावशाली अभिनय से जीवंत बना दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story