चंदननगर में ‘फॉरएवर पंचम : आर.डी. बर्मन को संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे बांसुरी वादक पद्मश्री पं. रोनू मजूमदार

WhatsApp Channel Join Now


हुगली, 12 जून (हि.स.)। महान संगीतकार आर.डी. बर्मन (पंचम दा) की कालजयी धुनों को समर्पित विशेष संगीत संध्या ‘फॉरएवर पंचम–पार्ट 5’ का आयोजन 14 जून को चंदननगर के रवींद्र भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित देश के विख्यात बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार अपनी प्रस्तुति के माध्यम से पंचम दा को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

‘क्लासिकल नोट्स विद रॉक ट्यून’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में पंडित रोनू मजूमदार के साथ प्रख्यात तबला वादक पंडित तन्मय बोस, ट्रम्पेट वादक किशोर सोधा, सैक्सोफोनिस्ट राज सोधा, सितार वादक राहुल चटर्जी तथा कोलकाता के कई प्रतिष्ठित सेशन संगीतकार भाग लेंगे।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में आर.डी. बर्मन की लोकप्रिय रचनाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत और आधुनिक वाद्य संयोजन के माध्यम से नए स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। बांसुरी, तबला, ट्रम्पेट, सैक्सोफोन और सितार की जुगलबंदी दर्शकों को पंचम दा के संगीत सफर की याद दिलाएगी।

उल्लेखनीय है कि पंडित रोनू मजूमदार का आर.डी. बर्मन के साथ लंबा और घनिष्ठ पेशेवर संबंध रहा है। वर्ष 1981 में उन्होंने पंचम दा के मार्गदर्शन में हिंदी फिल्म संगीत जगत में कदम रखा था और बाद के वर्षों में आर.डी. बर्मन की संगीत टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा बने रहे। भारतीय और पाश्चात्य संगीत के अभिनव समन्वय को लेकर रोनू मजूमदार कई अवसरों पर पंचम दा की संगीत दृष्टि और प्रयोगधर्मिता की सराहना कर चुके हैं।

संगीत प्रेमियों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और इसे पंचम दा की विरासत को समर्पित एक यादगार संगीतमय आयोजन माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Share this story