एफआईसीसीआई फ्रेम्स 2026 में दिखेगा सितारों का जलवा, कई बड़े नाम होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
एफआईसीसीआई फ्रेम्स 2026 में दिखेगा सितारों का जलवा, कई बड़े नाम होंगे शामिल


एफआईसीसीआई फ्रेम्स 2026 में दिखेगा सितारों का जलवा, कई बड़े नाम होंगे शामिल


मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग से जुड़े दिग्गज 29 और 30 सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात में आयोजित होने वाले एफआईसीसीआई फ्रेम्स 2026 में एक मंच पर जुटेंगे।

सम्मेलन के 26वें संस्करण में अजय देवगन, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, सिद्धार्थ और रवि किशन समेत कई प्रमुख कलाकार, निर्माता, कारोबारी और नीति-निर्माता हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी, खेल, गेमिंग, लाइव इवेंट और क्रिएटर इकोनॉमी से जुड़े भविष्य के अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा होगी।

सम्मेलन का उद्घाटन एफआईसीसीआई अध्यक्ष अनंत गोयनका और एफआईसीसीआई मीडिया एवं मनोरंजन समिति के अध्यक्ष तथा जियोस्टार के मनोरंजन कारोबार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केविन वाज करेंगे। एफआईसीसीआई फ्रेम्स के एंबेसडर आयुष्मान खुराना भी अपने विचार शेयर करेंगे। कार्यक्रम में अजय देवगन, रूपाली गांगुली, सुनीता राजवर, रणवीर बराड़, आशुतोष गोवारिकर, शूजित सरकार और रिची मेहता सहित कई प्रमुख नाम शामिल होंगे। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी पर विशेष चर्चा में अजय देवगन के साथ निर्देशक अभिषेक पाठक, निर्माता कुमार मंगत पाठक और आलोक जैन हिस्सा लेंगे। वहीं, भारतीय सिनेमा की अगली पीढ़ी पर होने वाली चर्चा में राजकुमार राव और फिल्मकार दिनेश विजान शामिल होंगे।

एफआईसीसीआई फ्रेम्स पिछले 25 वर्षों से भारतीय मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग में हो रहे बदलावों का प्रमुख मंच रहा है। सम्मेलन में संस्थागत वित्त, डिजिटलीकरण, पायरेसी, एवीजीसी-एक्सआर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और कॉपीराइट जैसे विषयों पर चर्चा होती रही है। इस बार सम्मेलन में तकनीक, स्ट्रीमिंग, लाइव स्पोर्ट्स, पारंपरिक टेलीविजन, कंटेंट से कमाई और बदलते दर्शक व्यवहार पर भी मंथन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story