'कॉफी विद करण' का होगा अंत, करण जौहर ने किया आखिरी सीजन का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
'कॉफी विद करण' का होगा अंत, करण जौहर ने किया आखिरी सीजन का ऐलान


'कॉफी विद करण' का होगा अंत, करण जौहर ने किया आखिरी सीजन का ऐलान


करण जौहर का चर्चित सेलिब्रिटी चैट शो 'कॉफी विद करण' अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। करण ने घोषणा की है कि शो का नौवां सीजन इसका अंतिम सीजन होगा। करीब 22 वर्षों तक बॉलीवुड सितारों की गपशप, खुलासों और विवादों को दर्शकों तक पहुंचाने वाला यह शो 14 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होगा। शो के नए प्रोमो में करण ने इसके लंबे सफर को याद करते हुए कहा कि यह यात्रा अप्रत्याशित, बेबाक और कई बार अराजक रही, लेकिन हमेशा चर्चा में रही।

प्रोमो में करण जौहर ने शो से जुड़े विवादों और वर्षों के अनुभवों पर भी बात की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने देश के बड़े-बड़े लोगों का करियर लगभग खत्म कर दिया था और आज भी 'नेपोटिज्म' शब्द का दंश झेल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 'कंजक्चर' यानी अटकलें इस शो के सफर का हिस्सा रही हैं। दरअसल, 'कॉफी विद करण' में सितारों से पूछे गए सवाल और उनके बेबाक जवाब अक्सर सुर्खियां बनते रहे हैं। कई मौकों पर शो के बयान और खुलासे लंबे समय तक चर्चा में रहे हैं।

'कॉफी विद करण' की शुरुआत 19 नवंबर 2004 को हुई थी और 2026 तक यह शो 22 वर्षों का सफर पूरा कर चुका है। इन वर्षों में शो ने बॉलीवुड की कई चर्चित हस्तियों को एक मंच पर लाया और उनके निजी जीवन, करियर तथा फिल्मी सफर से जुड़े कई पहलुओं को सामने रखा। अब नौवें और अंतिम सीजन के साथ करण जौहर इस सफर को अलविदा कहने जा रहे हैं। प्रोमो में उन्होंने इसे भावुक पल बताया है और आखिरी बार अपने चर्चित कॉफी मग के साथ दर्शकों से रूबरू होने की तैयारी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story