'पिया का घर' का भावुक गीत 'बेटी वो चिरइया है' रिलीज

WhatsApp Channel Join Now
'पिया का घर' का भावुक गीत 'बेटी वो चिरइया है' रिलीज


मुंबई, 05 नवंबर (हि.स.)। भोजपुरी फिल्म 'पिया का घर' दर्शकों के बीच अच्छी लोकप्रियता हासिल कर रही है। रिलीज के एक सप्ताह से भी कम समय में फिल्म को करीब 70 लाख दर्शक देख चुके हैं। इसी बीच फिल्म का भावुक गीत 'बेटी वो चिरइया है जिसका दो ठिकाना है' रिलीज किया गया है। मनोज भावुक के लिखे इस गीत को आलोक कुमार और प्रियंका सिंह ने आवाज दी है, जबकि इसका संगीत ओम झा ने तैयार किया है। गीत में बेटी के जीवन, उसके मायके और ससुराल से जुड़े भावनात्मक रिश्तों को खूबसूरती से पिरोया गया है। बेटी की विदाई, माता-पिता का स्नेह और बचपन की यादें गीत को संवेदनशील बनाती हैं।

गीतकार मनोज भावुक भोजपुरी साहित्य और सिनेमा में अपनी अलग पहचान रखते हैं। कवि, गजलकार और गीतकार के रूप में उन्होंने अपने लेखन से भोजपुरी रचनात्मकता को समृद्ध किया है। उनके गीतों में आम जीवन, पारिवारिक रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं की झलक मिलती है। 'बेटी वो चिरइया है जिसका दो ठिकाना है' में भी उन्होंने बेटी के जीवन से जुड़े भावों को सहज और प्रभावशाली शब्दों में व्यक्त किया है। ओम झा के संगीत संयोजन और आलोक कुमार तथा प्रियंका सिंह की भावपूर्ण गायकी ने गीत की संवेदना को और गहरा बनाया है।

संजय कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी फिल्म 'पिया का घर' के निर्माता रोशन सिंह और शर्मिला आर. सिंह हैं। फिल्म में रितेश उपाध्याय, काजल राघवानी, पारुल ठाकुर, समर्थ चतुर्वेदी, संजय पांडेय, रीना रानी और संजीव मिश्रा सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778920 Articles

Share this story