तेजस्वी प्रकाश से विवाद के बाद एल्विश यादव का गुस्सा

WhatsApp Channel Join Now
तेजस्वी प्रकाश से विवाद के बाद एल्विश यादव का गुस्सा


तेजस्वी प्रकाश से विवाद के बाद एल्विश यादव का गुस्सा


रियलिटी शो 'प्लेग्राउंड 5' में एल्विश यादव और तेजस्वी प्रकाश की बॉन्डिंग ने शुरुआत में दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था। एल्विश, करण कुंद्रा को अपना भाई मानते हैं और इसी वजह से शो में उन्होंने तेजस्वी को मजाकिया अंदाज में 'भाभी' भी कहा था। हालांकि, अब दोनों के बीच रिश्ते में खटास देखने को मिल रही है। हाल ही में शो में दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद तेजस्वी ने एल्विश पर आपत्तिजनक कंटेंट बनाने का आरोप लगाया। इसी बीच दोनों की बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद एल्विश ने एक्स पर कई पोस्ट कर तेजस्वी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सेट से वीडियो लीक कर उसे वायरल किया गया। एल्विश ने लिखा कि अगर राष्ट्रीय टेलीविजन पर उनके बारे में 'लड़का-लड़की' वाला एंगल बनाने की कोशिश की जाती है, तो वह इसे स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हर बात में जेंडर का एंगल लाना सही नहीं है। एल्विश ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ झूठे इंटरव्यू देना, उनके प्रशंसकों के बारे में गलत तरीके से बात करना और दूसरे व्यक्ति को गलत साबित करने के लिए सेट से वीडियो लीक करना उचित नहीं है।

इसके बाद एल्विश ने एक और पोस्ट में तेजस्वी पर 'वुमन कार्ड' और फेमिनिज्म का सहारा लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर अपने और अपने प्रशंसकों के हक में आवाज उठाना गलत है, तो उन्हें 'गलत' कहलाने की परवाह नहीं। वहीं वायरल वीडियो में दोनों के बीच गाड़ी चलाने को लेकर बातचीत होती दिखाई देती है। तेजस्वी के बीच में बोलने पर एल्विश उन्हें रोकते हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आते हैं। इस पर तेजस्वी भी नाराज हो जाती हैं और कहती हैं कि वह उनसे इस तरह बात नहीं कर सकते। दोनों के बीच यह विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story