'प्रताप' में अमित साध के किरदार पर निर्देशक ने दी सफाई

WhatsApp Channel Join Now
'प्रताप' में अमित साध के किरदार पर निर्देशक ने दी सफाई


'प्रताप' में अमित साध के किरदार पर निर्देशक ने दी सफाई


अभिनेता अमित साध अपनी आगामी फिल्म 'प्रताप' में एक दमदार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही उनके किरदार को लेकर चर्चा तेज है। खाकी वर्दी में उनका बेखौफ अंदाज देखकर सोशल मीडिया पर कुछ दर्शक मुंबई पुलिस के पूर्व अधिकारी सचिन वझे से इसकी तुलना कर रहे हैं। हालांकि, निर्माताओं ने किरदार का किसी वास्तविक व्यक्ति से सीधा संबंध होने की पुष्टि नहीं की है। फिल्म में अमित साध प्रताप रानाडे नाम के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं, जिसके नाम 26 एनकाउंटर का रिकॉर्ड है।

फिल्म की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका कभी अपराधियों में खौफ था, लेकिन परिस्थितियां उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा देती हैं। एक अपराधी के साथ कथित मारपीट और बाद में हिरासत में उसकी मौत से जुड़े मामले के बाद प्रताप की जिंदगी बदल जाती है। मुंबई सेंट्रल जेल में पहुंचने पर उसका सामना ऐसी परिस्थितियों से होता है, जहां न वर्दी का रुतबा काम आता है और न पुराना प्रभाव। उसे अपने फैसलों, अतीत और पारिवारिक रिश्तों से जुड़े संघर्षों का सामना करना पड़ता है।

सचिन वझे से जुड़ी चर्चाओं पर निर्देशक सचिन सराफ ने स्पष्ट किया कि फिल्म किसी एक पुलिस अधिकारी की कहानी नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिन वझे ऐसे अकेले अधिकारी नहीं हैं, जिन्हें जेल जाना पड़ा हो। फिल्म का उद्देश्य उस स्थिति को दिखाना है, जब किसी प्रभावशाली व्यक्ति से उसका पद और अधिकार छिन जाते हैं और उसे जिंदगी के बिल्कुल अलग दौर से गुजरना पड़ता है। अमित साध के लिए यह किरदार एक्शन के साथ भावनात्मक अभिनय दिखाने का भी अवसर है।

फिल्म में अमित साध के साथ ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया, सीमा बिस्वास, मिलिंद गुणाजी और दुष्यंत वाघ भी अहम भूमिकाओं में हैं। सचिन सराफ ने फिल्म का लेखन और निर्देशन किया है, जबकि प्रदीप रंगवानी इसके निर्माता हैं। यूवी फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। एक्शन, पुलिसिया दबदबे, जेल की दुनिया और पारिवारिक रिश्तों के उतार-चढ़ाव को समेटे यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story