गुवाहाटी में 24 अक्टूबर से राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव, 45 फिल्मों का होगा प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
गुवाहाटी में 24 अक्टूबर से राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव, 45 फिल्मों का होगा प्रदर्शन


गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व संवाद केंद्र की सहयोगी संस्था चलचित्रम् की ओर से दसवां राष्ट्रीय चलचित्रम् लघु फिल्म महोत्सव आगामी 24 और 25 अक्टूबर को गुवाहाटी के काहिलीपाड़ा स्थित ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो परिसर में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतियोगिता और गैर-प्रतियोगिता श्रेणियों में कुल 45 लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। चलचित्रम् के अध्यक्ष नव ठाकुरिया और सचिव भगवत प्रीतम ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पूर्वी भारत के फिल्म प्रेमियों, समीक्षकों, निर्माताओं और निर्देशकों के लिए यह महोत्सव एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। भारतीय राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित तथा देश की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता, संस्कृति और विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने वाली फिल्में महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होंगी। इस वर्ष महोत्सव का मुख्य विषय ‘हमारी विरासत, हमारा गौरव’ रखा गया है।

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्म निर्देशक डॉ. संतवना बरदलै 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। कलाकारों, फिल्म समीक्षकों और फिल्म निर्माताओं से गठित निर्णायक मंडल ने आठ श्रेणियों में विजेता फिल्मों का चयन किया है। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

25 अक्टूबर को दोपहर बाद आयोजित होने वाले समापन समारोह में असम की कैबिनेट मंत्री नीलिमा देवी सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी के अवसर पर महान कलाकार को श्रद्धांजलि देने के लिए महोत्सव में फिल्मकार बबीता शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भूपेन दा अनकट’ का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके अलावा, वरिष्ठ फिल्म पत्रकार हेमचंद्र दलै के संपादन में प्रकाशित होने वाली ‘चलचित्रम्’ स्मारिका का विमोचन किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story