मोहनलाल की एल367 का हुआ बड़ा ऐलान, 'ऑपरेशन गंगा' नाम से रिलीज होगी फिल्म

WhatsApp Channel Join Now
मोहनलाल की एल367 का हुआ बड़ा ऐलान, 'ऑपरेशन गंगा' नाम से रिलीज होगी फिल्म


मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म एल367 के आधिकारिक नाम से आखिरकार पर्दा उठ गया है। नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक विष्णु मोहन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का नाम 'ऑपरेशन गंगा-ए नेशन्स प्रॉमिस' रखा गया है।

फिल्म की कहानी रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों और छात्रों को सुरक्षित वापस लाने के लिए चलाए गए भारत के बड़े रेस्क्यू मिशन 'ऑपरेशन गंगा' पर आधारित है। फिल्म में मोहनलाल के साथ अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, पार्थिबन और आदिल हुसैन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय रेस्क्यू मिशन की पृष्ठभूमि में तैयार किया गया है, जिसके जरिए दर्शकों को भारत के उस अभियान की कहानी देखने को मिलेगी, जिसमें युद्धग्रस्त यूक्रेन से बड़ी संख्या में भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया गया था। विष्णु मोहन इस कहानी को मानवीय भावनाओं और रोमांच के साथ पर्दे पर पेश करने की तैयारी में हैं।

फिल्म को खास बनाने में इसकी तकनीकी टीम की भी अहम भूमिका है। 'पुष्पा' सीरीज के सिनेमैटोग्राफर मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक, प्रोडक्शन डिजाइनर राजीवन, एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह और संगीतकार शाश्वत सचदेव जैसे नाम प्रोजेक्ट से जुड़े हैं।

'ऑपरेशन गंगा' का निर्माण गोकुलम गोपालन ने श्री गोकुलम मूवीज के बैनर तले किया है। बैजू गोपालन और वी.सी. प्रवीण को-प्रोड्यूसर, जबकि कृष्णमूर्ति एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की तकनीकी टीम में एडिटर शमीर मोहम्मद, साउंड डिजाइनर बिश्वदीप चटर्जी, वीएफएक्स सुपरवाइजर के.वी. संजीत और मिलिट्री एडवाइजर स्क्वाड्रन लीडर वरलिन पंवार भी शामिल हैं। अब मोहनलाल की मौजूदगी और वास्तविक घटना से प्रेरित कहानी के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story