आदित्य रॉय कपूर की नई फिल्म में हुई भाग्यश्री बोरसे की एंट्री
बॉलीवुड अभिनेता आदित्य रॉय कपूर जल्द ही एक नई रोमांटिक फिल्म में नजर आने वाले हैं। टी-सीरीज के बैनर तले बनने वाली इस अनाम फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी करेंगे। फिल्म को एक तीव्र, हिंसक और संगीतमय प्रेम कहानी के रूप में तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में आदित्य के साथ दक्षिण भारतीय अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म भाग्यश्री बोरसे के लिए बॉलीवुड में बड़ा अवसर साबित हो सकती है। भाग्यश्री ने तेलुगु सिनेमा में रवि तेजा की फिल्म 'मिस्टर बच्चन' से पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने विजय देवरकोंडा की 'किंगडम' और दुलकर सलमान की 'कांथा' जैसी फिल्मों में भी काम किया। हिंदी सिनेमा में वह 'यारियां 2' और 'चंदू चैंपियन' में छोटे लेकिन उल्लेखनीय किरदार निभा चुकी हैं।
फिल्म की शूटिंग इस वर्ष के अंत तक शुरू होने की संभावना है और इसे वर्ष 2027 में रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। निर्माताओं की ओर से आने वाले हफ्तों में फिल्म की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। वहीं, आदित्य रॉय कपूर को आखिरी बार अनुराग बसु की फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' में देखा गया था, जिसमें उनके साथ सारा अली खान, अली फजल और फातिमा सना शेख भी नजर आए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

