100 करोड़ क्लब में शामिल हुई 'आवारापन 2'

WhatsApp Channel Join Now
100 करोड़ क्लब में शामिल हुई 'आवारापन 2'


इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के महज पांच दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यह इमरान हाशमी के करियर की पहली सोलो फिल्म बन गई है, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है। नितिन कक्कड़ के निर्देशन और विशेष भट्ट फिल्म्स के निर्माण में बनी यह फिल्म 2007 में रिलीज हुई 'आवारापन' का सीक्वल है। फिल्म की दमदार कमाई ने अभिनेता के करियर में एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'आवारापन 2' ने रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को करीब 9.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे पहले चौथे दिन फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ओपनिंग डे से लेकर वीकेंड तक फिल्म ने 81.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस तरह फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 100.75 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 120.33 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कुल कलेक्शन 144.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

'आवारापन 2' की सफलता के साथ इमरान हाशमी ने अपनी पिछली कई चर्चित फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। उनकी 'द डर्टी पिक्चर' ने करीब 80 करोड़, 'बादशाहो' ने 78 करोड़ और 'राज 3' ने लगभग 70 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पांच दिनों में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद फिल्म के आगे भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story