फरहान अख्तर के नए प्रोजेक्ट में शामिल हुए अरशद वारसी
मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता अरशद वारसी जल्द ही एक नए प्रोजेक्ट में नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि इस बार वह पहली बार अभिनेता-निर्माता फरहान अख्तर के साथ काम करेंगे।
अरशद और फरहान दोनों एक अनाम थ्रिलर सीरीज के लिए साथ आए हैं, जिसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट और बावेजा स्टूडियोज मिलकर कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीरीज की शूटिंग का पहला शेड्यूल लंदन में शुरू हो चुका है। इस प्रोजेक्ट को लेकर पहले से ही चर्चा थी, क्योंकि अरशद को कई बार फरहान के ऑफिस के बाहर देखा गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले इस सीरीज का निर्माण कर रहे हैं। एक सूत्र ने बताया कि अरशद पहली बार फरहान और रितेश के साथ काम करने जा रहे हैं। अभिनेता को उनकी यह बात पसंद है कि वे ओटीटी पर नए विषयों, अलग तरह की कहानियों और नए निर्देशकों व लेखकों को मौका देने के लिए तैयार रहते हैं। सीरीज में अरशद के साथ रसिका दुग्गल और करण टैकर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इस थ्रिलर सीरीज का निर्देशन मिहिर देसाई कर रहे हैं। वह इससे पहले वेब सीरीज 'मिर्जापुर' के शुरुआती दो सीजन का निर्देशन कर चुके हैं। अरशद वारसी को हाल ही में राजकुमार हिरानी की सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' में देखा गया था। अब फरहान अख्तर के साथ उनका यह नया सहयोग दर्शकों के लिए दिलचस्प होने वाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

