गोविंदा के संघर्ष के दिनों में साथ खड़े थे अनुपम खेर

WhatsApp Channel Join Now
गोविंदा के संघर्ष के दिनों में साथ खड़े थे अनुपम खेर


गोविंदा के संघर्ष के दिनों में साथ खड़े थे अनुपम खेर


मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने पुराने सह-कलाकार और करीबी दोस्त गोविंदा को लेकर हालिया बातचीत में खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने गोविंदा की अभिनय प्रतिभा की तारीफ करते हुए कहा कि निजी जीवन में चल रही परिस्थितियों और व्यक्तिगत आदतों को उनके काम पर हावी नहीं होने देना चाहिए। अनुपम के मुताबिक, गोविंदा में जबरदस्त प्रतिभा है और उन्हें मौजूदा परिस्थितियों से आगे बढ़कर एक बार फिर अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।

अनुपम खेर की यह टिप्पणी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आई है। पिछले कुछ समय से दोनों के वैवाहिक जीवन को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं। सुनीता की ओर से विवाहेतर संबंधों को लेकर लगाए गए आरोपों ने भी इस मामले को चर्चा में ला दिया है। हाल में गोविंदा को मुंबई के लालबागचा राजा पंडाल में उनकी फिल्म 'रूपा' की सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखा गया था। इससे कुछ घंटे पहले सुनीता भी अलग से बप्पा के दर्शन करने पहुंची थीं।

'टाइमिंग, अभिनय और डांस में गोविंदा का कोई मुकाबला नहीं'

गोविंदा के साथ करीब 10-12 फिल्मों में काम कर चुके अनुपम ने उनकी प्रतिभा को याद करते हुए कहा कि वह उन्हें बेहद पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि गोविंदा की कॉमिक टाइमिंग, अभिनय और डांस की अपनी अलग पहचान है और इन क्षेत्रों में उनका मुकाबला करना आसान नहीं है। हालांकि, अनुपम ने यह भी कहा कि किसी कलाकार की निजी जिंदगी या आदतों का असर उसके पूरे पेशेवर जीवन पर नहीं पड़ना चाहिए।

अनुपम ने गोविंदा को लेकर किसी तरह का फैसला सुनाने से भी इनकार किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी जिंदगी और परिस्थितियों को सबसे बेहतर तरीके से जानता है। अनुपम ने बताया कि उन्होंने एक बार गोविंदा से फोन पर बात करने की कोशिश की थी और अभिनेता ने उन्हें वापस फोन करने की बात कही थी। अनुपम का कहना है कि वह गोविंदा से सिर्फ इतना कहना चाहते हैं कि मुश्किल दौर हमेशा नहीं रहता और समय के साथ परिस्थितियां बदलती हैं।

'उम्मीद है गोविंदा जल्द करेंगे दमदार वापसी'

अपने चार दशक से ज्यादा लंबे करियर का उदाहरण देते हुए अनुपम ने कहा कि हर व्यक्ति की जिंदगी में अच्छे और मुश्किल दोनों तरह के दौर आते हैं। उनके मुताबिक, गोविंदा मौजूदा परिस्थितियों से परेशान जरूर हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी है। अनुपम ने उम्मीद जताई कि गोविंदा जल्द ही अपने काम पर लौटेंगे और दर्शकों को एक बार फिर अपने अभिनय से प्रभावित करेंगे। उन्होंने कहा कि गोविंदा जैसे प्रतिभाशाली कलाकार को लगातार काम करते हुए देखना उनके प्रशंसकों के लिए भी खास होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story