श्रील प्रभुपाद के जीवन पर बनेगी एनिमेटेड फिल्म 'शरणागति', अगस्त 2027 में होगी रिलीज

WhatsApp Channel Join Now
श्रील प्रभुपाद के जीवन पर बनेगी एनिमेटेड फिल्म 'शरणागति', अगस्त 2027 में होगी रिलीज


मुंबई, 10 नवंबर (हि.स.)। 'केजीएफ', 'सालार' और 'कांतारा' जैसी फिल्मों के लिए पहचान बना चुकी होम्बले फिल्म्स ने एक नए प्रोजेक्ट की घोषणा की है। होम्बले फिल्म्स और ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स मिलकर एनिमेटेड फिल्म 'शरणागति–द लाइफ ऑफ अ सरेंडर्ड सोल' बना रहे हैं।

यह फिल्म इस्कॉन के संस्थापक-आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित होगी। फिल्म को अगस्त 2027 में श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

फिल्म में श्रील प्रभुपाद के उस संघर्ष और समर्पण को दिखाया जाएगा, जिसने कृष्ण भक्ति के संदेश को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया। 69 वर्ष की उम्र में 1965 में भारत से अमेरिका की यात्रा करने वाले श्रील प्रभुपाद अपने साथ भगवद्गीता की शिक्षाएं और भगवान कृष्ण का संदेश लेकर गए थे। अपने आध्यात्मिक गुरु के निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने एक ऐसा मिशन शुरू किया, जिससे लाखों लोग जुड़े। उनका जीवन आस्था, सेवा और निस्वार्थ समर्पण की मिसाल रहा है।

'शरणागति' की खासियत इसकी अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मोशन कैप्चर तकनीक होगी। इसके जरिए इंसानों की शारीरिक गतिविधियों, हावभाव और चेहरे के भावों को डिजिटल एनिमेशन में बदला जाएगा, जिससे एनिमेटेड किरदारों को वास्तविक रूप देने में मदद मिलेगी। फिल्म की कहानी और निर्देशन गौरा शक्ति दास ने किया है।

राजेश सिंह और लोहित राव निर्माता हैं, जबकि श्रीधर शिकारिपुरा विजुअल डायरेक्टर हैं। ट्रांसेंडेंटल फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म को होम्बले फिल्म्स पेश करने के साथ दुनियाभर में रिलीज करेगी। प्रोजेक्ट को इस्कॉन और भक्तिवेदांत बुक ट्रस्ट सहित कई धार्मिक संस्थाओं का आशीर्वाद मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story