'वेलकम 4' पर अनिल कपूर ने तोड़ी चुप्पी
अक्षय कुमार और अनिल कपूर की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'वेलकम' आज भी दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शुमार है। इस फिल्म में अनिल कपूर, नाना पाटेकर और अक्षय कुमार की तिकड़ी ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया था। अब एक बार फिर इस फ्रैंचाइजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हाल ही में अक्षय कुमार के टीवी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में अनिल कपूर बतौर मेहमान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 'वेलकम' फ्रैंचाइजी को लेकर मजाकिया अंदाज में बड़ा संकेत दे दिया। अनिल ने कहा, सबसे पहले तो अक्षय साहब के साथ 'वेलकम' की, फिर 'वेलकम 2' में ये नहीं थे, 'वेलकम 3' में मुझे निकाल दिया और 'वेलकम 4' हम फिर साथ में करेंगे। उनके इस बयान ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
हालांकि, 'वेलकम 4' को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अनिल कपूर के इस बयान के बाद अक्षय और उनके रीयूनियन की अटकलें तेज हो गई हैं। अगर ऐसा होता है तो दर्शकों को एक बार फिर इस हिट जोड़ी की कॉमिक टाइमिंग देखने का मौका मिल सकता है।
वहीं, अनिल कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'सूबेदार' को लेकर चर्चा में हैं, जो 5 मार्च को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में राधिका मदान, सौरभ शुक्ला और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

