'अल्फा' के लिए हॉलीवुड एक्शन एक्सपर्ट ने दी आलिया और शर्वरी को ट्रेनिंग
मुंबई, 01 जुलाई (हि.स.)। यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म 'अल्फा' के लिए हॉलीवुड के मशहूर एक्शन ट्रेनर और स्टंट विशेषज्ञ जेसन नोविएलो ने अभिनेत्री आलिया भट्ट और शर्वरी को विशेष प्रशिक्षण दिया है। 'जॉन विक', 'बुलेट ट्रेन' और 'फ्रॉम द वर्ल्ड ऑफ जॉन विक: बैलेरीना' जैसी चर्चित हॉलीवुड फिल्मों से जुड़े जेसन ने फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन दृश्यों के लिए दोनों अभिनेत्रियों की शारीरिक तैयारी और स्टंट ट्रेनिंग की जिम्मेदारी संभाली।
मार्शल आर्ट्स और स्टंट परफॉर्मेंस की दुनिया में जेसन नोविएलो एक प्रतिष्ठित नाम हैं। चार दशक से अधिक के अनुभव वाले जेसन कई बार के विश्व चैंपियन मार्शल आर्टिस्ट रह चुके हैं और विभिन्न विधाओं में ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुके हैं। सटीक एक्शन, दमदार स्टंट और सिनेमाई अंदाज के लिए उनकी पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है। 'अल्फा' के लिए उन्होंने लंबे समय तक आलिया और शर्वरी के साथ अभ्यास कराया, ताकि दोनों कलाकार चुनौतीपूर्ण एक्शन दृश्यों को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतार सकें।
आदित्य चोपड़ा के निर्माण और शिव रवैल के निर्देशन में बनी 'अल्फा' यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान एक्शन फिल्म है। फिल्म में आलिया भट्ट, शर्वरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 03 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

