अक्षय कुमार की 'सामुक' को मिली फीमेल लीड

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय कुमार की 'सामुक' को मिली फीमेल लीड


अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर 'सामुक' को लेकर नया अपडेट सामने आया है। कुछ दिन पहले घोषित हुई इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल ब्रिटेन में चल रही है। विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित और कनिष्क वर्मा के निर्देशन में बन रही 'सामुक' को भारत की पहली एलियन थ्रिलर बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में अक्षय कुमार के अपोजिट महिला किरदार के लिए बंगाली अभिनेत्री रुक्मिणी मैत्र से बातचीत चल रही है। अगर बात पक्की होती है तो यह रुक्मिणी का बॉलीवुड डेब्यू होगा और वह पहली बार अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में रुक्मिणी को एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए कास्ट करने पर चर्चा चल रही है। फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि उनका किरदार काफी दिलचस्प है और अक्षय कुमार के किरदार के साथ अच्छी तरह मेल खाता है। निर्माताओं को ऐसी अभिनेत्री की तलाश थी, जिसमें दमदार अभिनय के साथ प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस भी हो। बंगाली सिनेमा में अपनी पहचान बना चुकीं रुक्मिणी के लिए यह प्रोजेक्ट हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़े स्तर पर कदम रखने का मौका होगा।

आशीन ए शाह द्वारा सह-निर्मित 'सामुक' को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसे 2027 में अखिल भारतीय स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है। फिल्म अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह की जोड़ी की करीब 13 साल बाद वापसी भी होगी। दोनों ने इससे पहले 2014 की फिल्म 'हॉलिडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी' में साथ काम किया था। फिल्म को हॉलीवुड स्तर का लुक देने के लिए ऑस्कर-नामांकित क्रिएचर इफेक्ट्स डिजाइनर एलेक गिलिस को भी टीम में शामिल किया गया है। अब रुक्मिणी की संभावित एंट्री ने इस साइंस-फिक्शन फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story