'दृश्यम 3' की रिलीज से पहले अजय देवगन ने मोहनलाल से की खास अपील

WhatsApp Channel Join Now
'दृश्यम 3' की रिलीज से पहले अजय देवगन ने मोहनलाल से की खास अपील


मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अजय देवगन स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। निर्माताओं ने इसे 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की अंतिम कड़ी बताया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में अजय ने खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म को लेकर मोहनलाल से भी बात की थी।

अजय ने बताया कि उन्होंने मोहनलाल को फोन कर फिल्म देखने का आग्रह किया था, क्योंकि वह चाहते थे कि अभिनेता की ओर से इसे लेकर मंजूरी मिले। हालांकि, छुट्टियों पर होने के कारण मोहनलाल अब तक फिल्म नहीं देख पाए हैं। अजय ने उम्मीद जताई कि वह जल्द ही फिल्म देखेंगे।

अजय ने फिल्म को खत्म करने के फैसले पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 'दृश्यम' जैसी कहानी को आगे बढ़ाना आसान नहीं है और वह फ्रेंचाइजी को एक मजबूत मोड़ पर समाप्त करना चाहते थे। अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में फिल्म देखी और निजी तौर पर उन्हें यह 'दृश्यम 2' से भी बेहतर लगी। अजय ने कहा कि फिल्म की पटकथा तैयार करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उनका मानना था कि कहानी को पिछली फिल्म के अंत से ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए, न कि एक नई मर्डर मिस्ट्री खड़ी करके उसे जबरन आगे ले जाया जाए।

अजय ने बताया कि लेखक और निर्देशक की टीम ने अंतिम कहानी तक पहुंचने से पहले करीब चार अलग-अलग पटकथाओं पर काम किया। उनका उद्देश्य केवल पिछली फिल्म की सफलता को देखते हुए एक और सीक्वल बनाना नहीं था, बल्कि ऐसी कहानी तैयार करना था जो 'दृश्यम' की दुनिया में स्वाभाविक रूप से आगे बढ़े। कई दौर की कहानी और पटकथा पर काम करने के बाद ऐसी स्क्रिप्ट तैयार हुई, जिसमें जरूरी ट्विस्ट, टर्न और चौंकाने वाले मोड़ मौजूद थे। अब यह फिल्म 2 अक्टूबर को दर्शकों के सामने होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story