'ऐसी मेरी वाइब' गाना रिलीज, कुणाल खेमू की 'वाइब' 18 सितंबर को होगी रिलीज

WhatsApp Channel Join Now
'ऐसी मेरी वाइब' गाना रिलीज, कुणाल खेमू की 'वाइब' 18 सितंबर को होगी रिलीज


कुणाल खेमू की आगामी एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'वाइब' का हाई-एनर्जी टाइटल ट्रैक 'ऐसी मेरी वाइब' रिलीज हो गया है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और टिप्स म्यूजिक की ओर से जारी इस गाने में फिल्म के किरदारों के स्वैग, स्टाइल और अलग अंदाज की झलक देखने को मिलती है। कनिष्क पाल द्वारा कंपोज किए गए इस गाने को खिलारी और इरफाना ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोल इरफाना हमीद और शुभम सोपान खिलारी ने लिखे हैं। इसका कैची हुक 'अलग है ये लाइफ, अलग है ये स्टाइल, अलग है ये हाइप, मेरी अलग है ये वाइब' गाने की ऊर्जा को और बढ़ाता है।

गाने के वीडियो में कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर नजर आ रहे हैं। अलग-अलग किरदारों की अपनी खास पर्सनैलिटी और वाइब को दिखाते इस ट्रैक में स्टाइलिश लुक, जोश से भरी कोरियोग्राफी और फुल-गैंग सीक्वेंस देखने को मिलते हैं। संगीतकार कनिष्क पाल ने बताया कि उनका मकसद ऐसा गाना तैयार करना था, जो पहली ही बीट से एक स्टेटमेंट जैसा महसूस हो और फिल्म की अलग-अलग ऊर्जाओं को एक साथ सामने लाए। वहीं, खिलारी और इरफाना ने भी ट्रैक के एटीट्यूड, आत्मविश्वास और अपनी पहचान को खुलकर अपनाने वाली भावना को खास बताया।

'वाइब' दो पक्के दोस्तों की कहानी है, जिनकी सामान्य जिंदगी अचानक एक अनजान और खतरनाक एडवेंचर में बदल जाती है। इस दौरान उन्हें न सिर्फ अपनी जान बचाने की चुनौती का सामना करना पड़ता है, बल्कि उनकी दोस्ती भी कठिन परीक्षा से गुजरती है। कुणाल खेमू ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है। ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले कुणाल खेमू और चिराग निहलानी द्वारा निर्मित इस फिल्म में कुणाल के अलावा प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर अहम भूमिकाओं में हैं। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की यह फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story