रिलीज से पहले 'बंटवारा 1947' की एडवांस बुकिंग शुरू

WhatsApp Channel Join Now
रिलीज से पहले 'बंटवारा 1947' की एडवांस बुकिंग शुरू


बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' की रिलीज का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए खुशखबरी है। फिल्म की एडवांस बुकिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की। राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के ट्रेलर और गानों को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।

सनी देओल की यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में उनके साथ प्रीति जिंटा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जो 2018 में रिलीज हुई 'भैयाजी सुपरहिट' के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। शबाना आजमी, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं। इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर 'बॉर्डर 2' की रिलीज के बाद सनी की यह दूसरी बड़ी फिल्म होगी।

'बंटवारा 1947' की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि में मानवता, साहस और बलिदान को केंद्र में रखती है। फिल्म की कहानी असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ही नई' पर आधारित है। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। 14 अगस्त को फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' से सीधी टक्कर होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story