अभिषेक बच्चन ने 'कजरा रे 2.0' पर तोड़ी चुप्पी, जाहिर की अपनी उत्सुकता

WhatsApp Channel Join Now
अभिषेक बच्चन ने 'कजरा रे 2.0' पर तोड़ी चुप्पी, जाहिर की अपनी उत्सुकता


मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अभिषेक बच्चन आज भी 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'बंटी और बबली' के लोकप्रिय गाने 'कजरा रे' की शूटिंग को याद करते हुए इसे अपने सबसे मजेदार अनुभवों में गिनते हैं। गाने में अभिषेक के साथ अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन नजर आए थे। हाल ही में गाने की शूटिंग का किस्सा शेयर करते हुए अभिषेक ने बताया कि यह किसी तय कोरियोग्राफी वाले सीक्वेंस की तरह नहीं, बल्कि सेट पर हुई एक लंबी डांस पार्टी जैसा था।

अभिषेक ने बताया कि 'कजरा रे' की शूटिंग के दौरान उनका जन्मदिन भी था और पूरी टीम ने इसे सेट पर ही सेलिब्रेट किया था। उनके मुताबिक, निर्देशक शाद अली ने बस गाना बजा दिया और इसके बाद वह, अमिताभ और ऐश्वर्या करीब चार घंटे तक डांस करते रहे। अभिषेक ने कहा कि उन्होंने शायद ही किसी दूसरे गाने की शूटिंग में इतना आनंद लिया हो। शाद अली ने इस दौरान कलाकारों की मस्ती और डांस के कई पलों को कैमरे में कैद किया और बाद में इन्हीं दृश्यों को गाने का हिस्सा बनाया।

अभिषेक से जब 'कजरा रे' के नए संस्करण को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसके लिए अपनी उत्सुकता जाहिर की। अभिनेता ने कहा कि वह 'कजरा रे 2.0' करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें यह काफी पसंद आएगा। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसके लिए ऐश्वर्या राय बच्चन और अपने पिता अमिताभ बच्चन को मनाना होगा। 'कजरा रे' आज भी हिंदी सिनेमा के चर्चित डांस नंबरों में शामिल है और फिल्म में अभिषेक, अमिताभ और ऐश्वर्या की साथ मौजूदगी ने इसे खास बना दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story