'चुनरी चुनरी' गाने का रीमेक तैयार करने से पहले निर्माताओं ने अभिजीत भट्टाचार्य से कोई संपर्क नहीं किया

WhatsApp Channel Join Now
'चुनरी चुनरी' गाने का रीमेक तैयार करने से पहले निर्माताओं ने अभिजीत भट्टाचार्य से कोई संपर्क नहीं किया


वरुण धवन की आगामी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का नया गाना 'चुनरी चुनरी' रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। यह गाना साल 1999 में आई सलमान खान की सुपरहिट फिल्म 'बीवी नंबर 1' के मशहूर गीत 'चुनरी चुनरी' का रीमेक वर्जन है। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस नए संस्करण को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है और कई लोग इसकी तुलना मूल गाने से कर रहे हैं। इसी बीच, ओरिजिनल गाने के गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने भी इस रीमेक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

बातचीत में अभिजीत भट्टाचार्य ने कहा, यह सलमान खान की जिंदगी का सबसे बड़ा हिट गाना था। रिलीज के बाद से आज तक यह लोगों के बीच लोकप्रिय है। उन्होंने आगे कहा, वरुण धवन पुरानी फिल्मों और पुराने हिट गानों का इस्तेमाल कर रहे हैं, खासकर उन फिल्मों का जिन्हें उनके पिता डेविड धवन ने निर्देशित किया था, लेकिन वरुण इस गाने से सलमान खान नहीं बन सकते। दोनों में बहुत बड़ा अंतर है।

अभिजीत ने रीमेक गाने पर तंज कसते हुए कहा कि जब उन्होंने नया संस्करण सुना तो उन्हें लगा जैसे कोई भजन चल रहा हो। उनके मुताबिक, मूल 'चुनरी चुनरी' एक रोमांटिक गाना था, लेकिन इसे पूरी तरह अलग अंदाज में पेश किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि रीमेक तैयार करने से पहले निर्माताओं ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया। बता दें कि 'है जवानी तो इश्क होना है' में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story