घर पर सात फेरे लेंगे आमिर खान और गौरी स्प्रैट, रिसेप्शन से बनाई दूरी
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान और उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट की शादी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों 5 जुलाई को मुंबई स्थित आमिर के बांद्रा आवास पर बेहद सादगी के साथ विवाह कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में आमिर खान या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समारोह पूरी तरह निजी रखा जाएगा, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद किसी भव्य रिसेप्शन का आयोजन भी नहीं किया जाएगा। खबरों के मुताबिक, दोनों के परिवार इस खास मौके पर मौजूद रहेंगे और आमिर की पिछली शादियों से उनके बच्चे भी इस पारिवारिक समारोह का हिस्सा बन सकते हैं।
बताया जाता है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट की मुलाकात बेंगलुरु में आमिर की चचेरी बहन नुजहत खान के जरिए हुई थी। दोनों ने करीब एक वर्ष तक एक-दूसरे को डेट किया। पिछले वर्ष अपने 60वें जन्मदिन से पहले आमिर ने मीडिया के सामने गौरी को अपनी पार्टनर के रूप में पेश किया था। फिलहाल गौरी, आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के कामकाज में भी सहयोग कर रही हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में आमिर खान ने एक बातचीत के दौरान शादी को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा था कि, इस उम्र में शादी करना मुझे शोभा नहीं देता, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि गौरी के साथ वह अपने जीवन में काफी स्थिर महसूस करते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि शादी को लेकर सामने आई इन खबरों पर आमिर या उनकी टीम कब आधिकारिक बयान जारी करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

