Yearly Horoscope 2025: सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा साल 2025, जानें वार्षिक राशिफल

WhatsApp Channel Join Now

साल 2025 का आगमन हर व्यक्ति के जीवन में एक नया अध्याय लेकर आ रहा है। यह साल ग्रहों और नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार आपके जीवन में बदलाव, अवसर और चुनौतियों का संगम लेकर आएगा। हर साल की तरह इस साल 2025 में भी हर राशि के लिए अलग-अलग संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान कोई राशि सफलता और समृद्धि का अनुभव करेगी, तो कुछ राशियों को कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ सकता है। यह साल आपके जीवन के विभिन्न पहलुओं जैसे करियर, व्यवसाय, प्रेम, परिवार, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति पर प्रभाव डालने वाला हो सकता है। ज्योतिष शास्त्र की मानें तो ग्रहों की चाल और उनके संयोग व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन ला सकते हैं। साल 2025 में शनि, गुरु, राहु और मंगल जैसे ग्रहों की स्थिति बदलने वाली है, जो आपके जीवन पर कई तरह के प्रभाव डालेंगे। इन ग्रहों के प्रभाव से हर राशि के लिए अलग-अलग संकेत मिल रहे हैं। कुछ राशियों के लिए यह साल खुशहाली और विकास का समय हो सकता है जबकि कुछ को संघर्षों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।अगर आप भी अपनी राशि के बारे में यह जानकारी लेना चाहते हैं कि इस साल का समय आपके लिए कैसा हो सकता है तो यहां सभी राशियों के लिए वार्षिक राशिफल के बारे में ज्योतिषाचार्य विमल जैन से जानें। यह वार्षिक राशिफल पंडित जी की गहन ज्योतिषीय अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें आपको हर राशि के लिए आगामी वर्ष की पूरी जानकारी मिलेगी। आप जान सकेंगे कि 2025 में आपकी राशि के लिए कौन से शुभ समय आएंगे और किस समय को आपको अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता होगी।

जाने अपना राशिफल

m
मेष राशि

साल 2025 का समय मेष राशि के लोगों के लिए मिश्रित रूप से फलदायी हो सकता है। यह वर्ष आपके लिए कई प्रकार के परिवर्तनों और चुनौतियों के साथ आएगा। शनि की नीच दृष्टि और शनि- साढ़े साती के प्रभाव से आपकी जीवनशैली में तनाव, मानसिक समस्याएं, शारीरिक समस्याएं और आर्थिक हानियां आ सकती हैं, लेकिन यदि आप सावधानी बरतें तो आप इन समस्याओं से बाहर आ सकते हैं।अगर हम इस साल के प्रेम जीवन की बात करें तो साल की शुरुआत से लेकर 29 मार्च तक शनि की नीच दृष्टि आपके प्रेम और वैवाहिक जीवन में तनाव का कारण बन सकती है।

29 मार्च के बाद शनि का प्रभाव कम होने लगेगा, लेकिन पूरे साल आपके रिश्तों में छोटी-मोटी समस्याएं आ सकती हैं। इस समय आपको धैर्य और समझदारी से काम लेने की जरूरत है जिससे आपके रिश्ते मजबूत बने रहें।अगर हम आर्थिक स्थिति की बात करें तो यह साल मेष राशि के जातकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस समय आपको वित्तीय हानि का सामना करना पड़ सकता है और आप किसी अप्रत्याशित खर्चे में भी फंस सकते हैं।अगर हम सेहत की बात करें तो यह साल आपके लिए मिले-जुले संकेत दे रहा है। वर्ष की शुरुआत से 17 मई तक राहु के प्रभाव से आपकी सेहत में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। मुख्य रूप से आपको पाचन तंत्र, पेट और मानसिक तनाव से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

27 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक मंगल की अष्टम स्थिति से आपकी सेहत पर गंभीर असर हो सकता है, इसलिए इस दौरान अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें।आपके पारिवारिक जीवन की बात करें तो परिवार में आपके रिश्तों में प्रेम और समर्थन का वातावरण बना रहेगा, लेकिन बीच-बीच में कुछ पारिवारिक समस्याएं आ सकती हैं। परिवार के कुछ सदस्य आपके निर्णयों से असहमत हो सकते हैं, जिससे घर में तनाव का माहौल बन सकता है। यदि आप शादीशुदा हैं, तो यह समय थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

m

वृषभ राशि

वृषभ राशि के लोगों के लिए साल 2025 मिले-जुले फल देगा, इस दौरान आपको कुछ अच्छे अवसर मिल सकते हैं और कुछ जगह आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। साल की शुरुआत से लेकर 14 मई तक, गुरु का संचार इस राशि पर होने से आपके जीवन में कई सकारात्मक बदलाव लाएगा।अगर इस महीने के प्रेम जीवन की बात करें तो उसमें भी कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। 29 मार्च से लेकर साल के अंत तक शनि की तृतीय दृष्टि आपके प्रेम जीवन पर प्रभाव डालेगी, जिससे आपको कुछ अच्छे अवसर मिल सकते हैं, लेकिन कुछ समस्याओं के योग भी हैं। मुख्य रूप से 28 जनवरी से लेकर 30 मई तक, जब आपके राशि स्वामी शुक्र मीन राशि में उच्च स्थान में गोचर करेगा, तो अचानक प्रेम संबंधों में सुधार होने की संभावना है।

अगर हम आपकी आर्थिक स्थिति के बारे में बात करें तो इस साल 14 सितंबर से 8 अक्टूबर तक, जब शुक्र केतु के साथ चतुर्थ भाव में होगा, तब आपके जीवन में कुछ आर्थिक परेशानियां आ सकती हैं। इस दौरान आपके घर या वाहन के मामलों में खर्चे बढ़ सकते हैं।पारिवारिक दृष्टि से साल 2025 मिले जुले संकेत देगा। इस साल की शुरुआत से 14 मई तक, परिवार के किसी निकट संबंधी से वाद-विवाद होने की संभावना है, जो घर में थोड़ी सी अशांति पैदा कर सकता है।स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से यह साल आपके लिए कुछ स्वास्थ्य समस्याएं लेकर आ रहा है।

इस साल की शुरुआत में, जब गुरु का प्रभाव आपकी राशि पर रहेगा, तब सेहत से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। आपको इन समस्याओं के लिए उचित उपचार और देखभाल की आवश्यकता होगी। इसके अलावा, मानसिक तनाव और चिंता की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है, जो आपके शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।

m

मिथुन राशि

इस साल आपके प्रेम जीवन में कुछ समस्याएं हो सकती हैं। साल के आरंभ में गुरु द्वादश भाव में हैं, जिसकी वजह से प्रेम संबंधों में दूरी आ सकती है। यदि आप पहले से ही किसी रिश्ते में हैं, तो यह समय समझदारी और धैर्य से काम लेने का है। आपके वैवाहिक जीवन में भी कुछ समस्याएं आ सकती हैं और साल के अंत यानी नवंबर और दिसंबर के महीने में, शत्रु आपके प्रेम जीवन में बाधा डाल सकते हैं।आर्थिक दृष्टि से आपका यह साल मिश्रित रहेगा। साल की शुरुआत में गुरु के द्वादश भाव में स्थित होने से आपके खर्चों में वृद्धि हो सकती है। इस दौरान भूमि, वाहन या अन्य संपत्तियों पर बड़ा खर्च होने की संभावना है।

24 जनवरी से 10 फरवरी के बीच बुध अष्टम भाव में रहेगा, जिससे आर्थिक जीवन में रुकावट आ सकती है।अगर हम आपके पारिवारिक जीवन की बात करें तो यह वर्ष कुछ चुनौतीपूर्ण हो सकता है। साल की शुरुआत में गुरु द्वादश भाव में होने से पिता और जीवनसाथी के साथ मतभेद की स्थिति हो सकती है। 24 जनवरी से 10 फरवरी तक बुध अष्टम भाव में हो सकता है, जिससे परिवार में करीबी लोगों से अनबन हो सकती है। इस समय आपके लिए छोटे विवाद भी बड़ा रूप ले सकते हैं। आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखने की सलाह दी जाती है।

अगर हम आपकी सेहत की बात करें तो 21 जनवरी से 2 अप्रैल तक मंगल आपकी राशि पर गोचर करेगा, जिससे आपको मानसिक तनाव, क्रोध और चिड़चिड़ापन हो सकता है। इस दौरान आपको अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। इस साल के अंत में सेहत के मामले में ज्यादा सावधानी बरतें। आपको काम के स्ट्रेस की वजह थकान और कमजोरी हो सकती है। आपको सलाह दी जाती है कि आप सेहत का विशेष ध्यान रखें और संतुलित आहार लें।

m

कर्क राशि

कर्क राशि के लोगों के लिए पूरा साल मिले जुले संकेत दे रहा है। आपके प्रेम जीवन में संघर्ष और संतुलन बना रहेगा। इस साल की शुरुआत आपके जीवन में शनि की ढैय्या के प्रभाव के साथ होगी, जो 29 मार्च तक चलेगी। इस समय प्रेम संबंधों में अस्थिरता, अविश्वास और छोटी-छोटी बातों पर पार्टनर के साथ तकरार हो सकती है। यदि आप पहले से ही किसी रिश्ते में हैं, तो यह समय धैर्य से काम लें।आर्थिक दृष्टि से साल 2025 कर्क राशि के लिए चुनौतियों भरा हो सकता है। साल की शुरुआत शनि की ढैय्या और मंगल के नीचस्थ गोचर के प्रभाव में होगी, जिससे आपको अनावश्यक खर्चों में वृद्धि हो सकती है। इस दौरान आपको अपने बजट का ध्यान रखना होगा और अनावश्यक खर्चों से बचने की सलाह दी जाती है।

29 मार्च के बाद शनि की ढैय्या का प्रभाव खत्म होने से आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। इस समय आपको अपनी पुरानी योजनाओं को फिर से लागू करने का मौका मिल सकता है।अगर हम पारिवारिक जीवन की बात करें तो इस साल आपके जीवन में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। शनि की ढैय्या के कारण साल के शुरुआती तीन महीने परिवार के सदस्यों के साथ मतभेद और तनावपूर्ण परिस्थिति ला सकते हैं। इस दौरान आपको अपने रिश्तों को संभालने में अधिक मेहनत करनी होगी।

साल के अंत में 5 दिसंबर के बाद गुरु के बारहवें भाव में गोचर से पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। घर के बड़े-बुजुर्गों का स्वास्थ्य चिंता का कारण बन सकता है। पारिवारिक विवादों से बचने के लिए विनम्र और सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।अगर हम सेहत की बात करते हैं तो इस साल आपको सेहत का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत है।

साल की शुरुआत शनि की ढैय्या और मंगल के नीचस्थ गोचर के प्रभाव में होगी, जिससे आपको बिना वजह तनाव, दौड़-धूप और गुप्त चिंताओं का सामना करना पड़ सकता है। 29 मार्च के बाद शनि की ढैय्या का प्रभाव खत्म हो रहा है जिससे सेहत में कुछ सुधार देखने को मिलेगा। इस समय आप अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित कर सकते हैं, जिससे आपकी शारीरिक और मानसिक स्थिति में सुधार होगा।

m

सिंह राशि

सिंह राशि के लोगों के लिए यह साल प्रेम जीवन में मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। साल की शुरुआत से लेकर 29 मार्च तक शनि की शत्रु सप्तम दृष्टि के प्रभाव से प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान आपके साथी के साथ मतभेद बढ़ सकते हैं। आपके रिश्तों में संदेह और दूरी की स्थिति बन सकती है।अगर हम आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो आपके लिए समय चुनौतीपूर्ण रहेगा। शनि की शत्रु सप्तम दृष्टि और उसके बाद शनि की ढैय्या के प्रभाव के कारण बनते कार्यों में विलंब का सामना करना पड़ सकता है।

साल की शुरुआत में अनावश्यक खर्चे बढ़ेंगे, जिससे बजट गड़बड़ा सकता है। 17 अक्टूबर से 16 नवंबर तक सूर्य के तुला राशि में नीचस्थ गोचर और शनि की ढैय्या के प्रभाव के कारण आपके जीवन में आर्थिक समस्याएं बढ़ सकती हैं।अगर हम पारिवारिक जीवन की बात करें तो सिंह राशि के जातकों को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। साल की शुरुआत से लेकर 29 मार्च तक शनि की शत्रु दृष्टि और के कारण घरेलू उलझनें और तनाव बढ़ सकते हैं। इस समय परिवार के सदस्यों के साथ कुछ मतभेद हो सकते हैं।

सेहत की बात करें तो आपको इस साल सतर्क रहने की जरूरत है। शनि की शत्रु दृष्टि और ढैय्या के प्रभाव के कारण स्वास्थ्य समस्याएं बनी रह सकती हैं। साल के शुरुआती महीनों में मानसिक तनाव और थकान अधिक हो सकती है। 18 मई से केतु का गोचर मानसिक अस्थिरता और चिंताओं का कारण बन सकता है। इस समय आपको अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

m

कन्या राशि

कन्या राशि के लोगों के लिए साल 2025 का वर्ष प्रेम जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव लेकर आएगा। साल के आरंभ से लेकर 18 मई तक केतु के संचार के कारण मानसिक उथल-पुथल और रिश्तों में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। इस दौरान आप अपने प्रेमी या जीवनसाथी के साथ मनमुटाव और विवादों का सामना कर सकते हैं। कुछ गुप्त शत्रुओं के कारण भी आपके जीवन में समस्याएं आ सकती हैं, जो आपकी प्रेम जीवन को प्रभावित कर सकती हैं।वित्तीय दृष्टिकोण से साल 2025 में आपको मिश्रित परिणाम मिल सकते हैं।

इस साल की शुरुआत में 14 मई तक गुरु की अशुभ दृष्टि के प्रभाव से गुप्त शत्रुओं की गतिविधियों से वित्तीय नुकसान हो सकता है। इस दौरान आपको वित्तीय लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है और अनावश्यक खर्चों से भी बचने की सलाह दी जाती है। इस साल 28 जुलाई से 13 सितंबर तक मंगल के गोचर से आर्थिक संकट और बढ़ सकते हैं। इस दौरान आपके निवेश और व्यवसाय में भी रुकावट आ सकती हैं, जिससे आर्थिक हानियां हो सकती है।अगर हम आपके पारिवारिक जीवन की बात करें तो आपको कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

साल के आरंभ से लेकर 18 मई तक केतु के प्रभाव से परिवार के सदस्यों के साथ रिश्ते में तनाव आ सकता है। आपके भाई-बहनों से सहयोग नहीं मिलेगा और परिवार का साथ भी नहीं मिलेगा।अगर आपकी सेहत की बात करें तो आपके लिए समय के चुनौतीपूर्ण हो सकता है। साल की शुरुआत से लेकर मानसिक तनाव, शारीरिक थकान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं आ सकती हैं।

m

तुला राशि

यह साल आपके लिए पूरी तरह से मिला जुला रहेगा। अगर हम प्रेम जीवन की बात करें तो आपके प्रेम जीवन में कई उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। साल के आरंभ से 20 जनवरी तक और फिर 2 अप्रैल से 6 जून तक मंगल की चतुर्थ दृष्टि के कारण आपके रिश्तों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिलेगा। यह समय आपके प्रेम संबंधों को ज्यादा मजबूत कर सकता है।

हालांकि, इस समय आपको अपने व्यवहार में संयम और धैर्य बनाए रखना होगा, जिससे किसी भी अनावश्यक विवाद से बचा जा सके।आर्थिक दृष्टि से सितंबर और अक्टूबर के महीनों में शुक्र के नीचस्थ होने के कारण कुछ आर्थिक और अन्य व्यावहारिक समस्याएं आ सकती हैं। साल के आरंभ में मंगल की चतुर्थ दृष्टि आपके परिश्रम और उत्साह को बढ़ाएगी, जिससे आप अपनी मेहनत से आर्थिक लाभ प्राप्त करेंगे।

9 अक्टूबर से 2 नवंबर तक शुक्र के नीचस्थ होने से आपकी आय कम और खर्च अधिक हो सकते हों। इस समय फिजूलखर्ची से बचें और अपने बजट पर नियंत्रण रखें।पारिवारिक दृष्टि से यह समय कुछ चुनौतीपूर्ण हो सकता है। 14 मई से 19 अक्टूबर तक गुरु की शत्रु दृष्टि के कारण घरेलू माहौल में अस्थिरता और कलह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

शुक्र की स्वगृही के कारण 31 मई से 29 जून तक और अष्टमस्थ स्थिति के बीच पारिवारिक जीवन में खुशहाली और सौहार्द बना रहेगा।अगर आपकी सेहत की बात करें तो आपको इस साल विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है। मंगल की चतुर्थ दृष्टि के कारण साल के आरंभ से 20 जनवरी तक और 2 अप्रैल से 6 जून तक वाहन चलाने और शारीरिक गतिविधियों में सावधानी बरतें।

m

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह साल प्रेम जीवन में मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। साल की शुरुआत से 29 मार्च तक शनि की ढैय्या का प्रभाव आपके रिश्तों में तनाव ला सकता है। 14 मई तक गुरु की शुभ दृष्टि आपके रिश्तों में सकारात्मकता और स्थिरता लाएगी। यह समय नए संबंधों की शुरुआत के लिए शुभ है।वित्त के मामले में साल 2025 वृश्चिक राशि के जातकों के लिए संघर्ष और सफलता दोनों का समय होगा। साल की शुरुआत से 29 मार्च तक शनि की ढैय्या के कारण खर्चे बढ़ सकते हैं और आपको अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा।

14 मई तक गुरु की शुभ दृष्टि के कारण आय के नए साधन उत्पन्न हो सकते हैं और आपकी आर्थिक स्थिति धीरे-धीरे सुधरेगी।पारिवारिक दृष्टिकोण से यह साल सकारात्मक और सुखद समय लेकर आ रहा है। 14 मई तक गुरु की शुभ दृष्टि के कारण परिवार में खुशहाली और सौहार्द्र बना रहेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है, और उनकी प्रगति आपके जीवन में खुशी लाएगी।

सेहत के मामले में आपको विशेष ध्यान रखने की जरूरत होगी। साल की शुरुआत से 29 मार्च तक शनि की ढैय्या के कारण मानसिक तनाव और शारीरिक थकान महसूस हो सकती है। 27 अक्टूबर से 7 दिसंबर के बीच आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

m

धनु राशि

इस साल 29 मार्च से शनि की ढैय्या का प्रभाव रिश्तों में तनाव पैदा कर सकता है। हालांकि 14 मई से गुरु की सप्तम दृष्टि का प्रभाव प्रेम जीवन को स्थिरता प्रदान करेगा। 18 अक्टूबर से 5 दिसंबर तक गुरु के कर्क राशि में आने से दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी।आर्थिक रूप से साल 2025 का मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। साल की शुरुआत से 14 मई तक गुरु के षष्ठ भाव में रहने से अनावश्यक खर्चे बढ़ेंगे।

करीबी बंधुओं के साथ विवाद के कारण कुछ वित्तीय अस्थिरता हो सकती है। शनि की ढैय्या के प्रभाव से आपके व्यवसाय में भी रुकावट आ सकती हैं। 14 मई से गुरु की सप्तम दृष्टि के प्रभाव से आय के स्रोतों में वृद्धि होगी। यह समय आपकी आर्थिक योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए अनुकूल रहेगा। 18 अक्टूबर से 5 दिसंबर के बीच गुरु के उच्चस्थ होने से अचानक धन लाभ के योग बनेंगे।

पारिवारिक दृष्टिकोण से यह वर्ष मिश्रित रहेगा। साल की शुरुआत से 14 मई तक गुरु के षष्ठ भाव में रहने और शनि की ढैय्या के प्रभाव से घरेलू उलझनें और तनाव बढ़ सकते हैं। 14 मई से गुरु की सप्तम दृष्टि के कारण परिवार में सुख-शांति का वातावरण बनेगा।सेहत की दृष्टि से आपको इस साल सावधानी बरतने की जरूरत है। साल की शुरुआत से 14 मई तक गुरु के षष्ठ भाव में रहने और शनि की ढैय्या के प्रभाव के कारण स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इस साल आपको योग, ध्यान और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना आपके लिए लाभकारी रहेगा।

m

मकर राशि

मकर राशि के लोगों के लिए प्रेम संबंधों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। साल की शुरुआत से 14 मई तक गुरु की नीच दृष्टि के प्रभाव से प्रेम संबंधों में गलतफहमियां और तनाव उत्पन्न हो सकते हैं।आर्थिक स्थिति की बात करें तो यह साल संघर्ष और अवसरों का मिश्रण रहेगा। साल के आरंभ से 6 जून तक मंगल की उच्च दृष्टि और 14 मई तक गुरु की नीच दृष्टि के कारण आर्थिक स्थिति में अस्थिरता रहेगी।

इस दौरान आपके खर्चे अधिक होंगे, लेकिन परिश्रम और कड़ी मेहनत से धन अर्जन के अवसर भी प्राप्त होंगे।पारिवारिक दृष्टिकोण से यह वर्ष कुछ तनावपूर्ण हो सकता है। 14 मई से 14 जून के दौरान सूर्य और शनि के दृष्टि संबंध के कारण निकटस्थ भाई-बंधुओं के साथ संबंधों में तनाव और क्रोध की भावना बढ़ सकती है।स्वास्थ्य की दृष्टि से यह वर्ष मकर राशि के जातकों के लिए सतर्क रहने का संकेत दे रहा है।

शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव 29 मार्च तक रहेगा, जिससे स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। वर्षभर केतु अष्टम भाव में रहेगा, जिससे अचानक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। 6 जून तक मंगल की उच्च दृष्टि के कारण शारीरिक ऊर्जा में कमी और थकान महसूस हो सकती है। 18 अक्टूबर से 5 दिसंबर के बीच गुरु की नीच दृष्टि के कारण मानसिक तनाव और शारीरिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस वर्ष नियमित व्यायाम, ध्यान और संतुलित आहार अपनाकर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना आवश्यक होगा।

m

कुंभ राशि

कुंभ राशि के साल 2025 का वर्ष प्रेम जीवन में उतार-चढ़ाव लेकर आएगा। शनि-साढ़ेसाती का प्रभाव पूरे वर्ष रहने से रिश्तों में तनाव और गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं। 14 मई से 18 अक्टूबर के बीच गुरु की शुभ दृष्टि के कारण रिश्तों में नई ऊर्जा आएगी।आर्थिक दृष्टि से यह वर्ष कुंभ राशि के जातकों के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा। शनि-साढ़ेसाती और मंगल की शत्रु दृष्टि के कारण अनावश्यक खर्च और वित्तीय अस्थिरता बनी रहेगी। 18 मई से वर्ष के अंत तक राहु के प्रभाव से वित्तीय योजना बनाना कठिन हो सकता है और अनावश्यक खर्चे बढ़ सकते हैं।पारिवारिक जीवन में भी साल 2025 में उतार-चढ़ाव बने रहेंगे।

शनि-साढ़ेसाती के प्रभाव और मंगल की शत्रु दृष्टि के कारण परिवार में मनमुटाव और तनाव बढ़ सकता है। विशेष रूप से 20 जनवरी तक और 2 अप्रैल से 28 जुलाई के बीच पारिवारिक विवाद होने की संभावना है।सेहत की दृष्टि से यह वर्ष कुंभ राशि के जातकों के लिए सतर्कता का संकेत देता है। शनि की साढ़ेसाती और राहु के प्रभाव के कारण मानसिक और शारीरिक तनाव बढ़ सकता है। 16 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच सूर्य-शनि के समसप्तक योग के कारण दुर्घटना या चोट का भय रहेगा।

m

मीन राशि

मीन राशि के जातकों के लिए यह साल प्रेम जीवन में चुनौतियां और सकारात्मक पल, दोनों लेकर आएगा। शनि की साढ़ेसाती पूरे वर्ष प्रभाव में रहने के कारण दांपत्य जीवन में तनाव और गलतफहमियों का सामना करना पड़ सकता है। 6 जून से 13 सितंबर के बीच मंगल की दृष्टि के प्रभाव से रिश्तों में नई ऊर्जा और स्थिरता आएगी। वित्तीय रूप से यह वर्ष मीन राशि के जातकों के लिए मिलाजुला रहेगा।

वर्ष के आरंभ से 18 मई तक शनि और राहु का प्रभाव व्यवसाय और धनार्जन में बाधाएं उत्पन्न कर सकता है। इस दौरान वित्तीय योजनाएं असफल हो सकती हैं, और अनावश्यक खर्चे बढ़ने की संभावना है।पारिवारिक जीवन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। साल के आरंभ से 18 मई तक राहु और शनि के प्रभाव से पारिवारिक संबंधों में तनाव रहेगा। पति-पत्नी, भाई-बहन या अन्य निकट संबंधियों के साथ मतभेद और विवाद हो सकते हैं।

14 मई से 18 अक्टूबर के बीच गुरु के चतुर्थ भाव में संचार के कारण पारिवारिक जीवन में सुधार होगा।आपकी सेहत की बात करें तो आपको सतर्क रहने की सलाह दी जातीहै। शनि की साढ़ेसाती और राहु के प्रभाव के कारण साल के आरंभ से 18 मई तक शारीरिक और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है।सभी राशियों के लिए साल 2025 मिले-जुले संकेत लेकर आ रहा है। यहां बताए राशिफल के अनुसार आप अपने आने वाले समय को अनुकूल बना सकते हैं।

Share this story