नवरात्रि में जौ न उगे तो क्या होता है? जानें

हिंदू धर्म में चैत्र नवरात्रि को अहम माना जाता है और इन नौ दिनों में मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा की जाती है। नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना होती है और इस समय कई भक्त जौ यानी जवारे भी बोते हैं। हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में जौ यानी जवारे बोने की परंपरा को शुभ और देवी शक्ति का प्रतीक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि जौ का सही तरह से अंकुरित होना सुख, समृद्धि और घर में सकारात्मक ऊर्जा के आगमन का संकेत होता है।
हालांकि, कई बार ऐसा होता है कि नवरात्रि के दौरान जौ ठीक से नहीं उगते हैं या फिर बहुत कम अंकुरित होते हैं तो इन्हें शुभ संकेत नहीं माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र में जौ या जवारे का ठीक से अंकुरित नहीं होना अशुभ प्रभाव, नकारात्मक ऊर्जा, वास्तु दोष या ग्रहों की खराब स्थिति से जोड़ा जाता है। अगर आपके भी मंदिर में नवरात्रि के समय जौ या जवारे ठीक से नहीं उगते हैं या कम अंकुरित होते हैं तो इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं, इस बारे में आइए जानते हैं-
नवरात्रि में जौ अंकुरित नहीं हो रहे हैं तो इसका क्या मतलब है?
नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव
अगर नवरात्रि में घटस्थापना के बाद आप जौ बोते हैं और वह ठीक से अंकुरित नहीं होते हैं या बहुत धीमी गति से बढ़ते हैं तो इसकी वजह घर या पूजा स्थल पर मौजूद नकारात्मक ऊर्जा हो सकती है। पंडित जी के मुताबिक, अगर घर में किसी प्रकार की नकारात्मक एनर्जी होती है तो आध्यात्मिक शक्ति कमजोर होने लगती है। ऐसे में जौ का सही तरीके से न उगना संभव हो सकता है। ज्योतिष शास्त्र में ऐसा भी माना जाता है कि किसी की बुरी नजर, वास्तु दोष या अन्य किसी बाधा के कारण भी यह हो सकता है।
आर्थिक परेशानियां
नवरात्रि में पूजा के समय बोए जाने वाले जौ या जवार को समृद्धि और उर्वरता का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में अगर आपके जौ या जवार ठीक से नहीं उगते हैं, तो यह आर्थिक हानि का संकेत भी हो सकता है। ऐसी मान्यता है कि जिस घर में नवरात्रि के समय जौ अच्छे से नहीं उगते हैं तो वहां भविष्य में आर्थिक परेशानियां जन्म ले सकती हैं।
ग्रह दोष
ज्योतिष शास्त्र में ऐसा माना जाता है कि नवरात्रि में अगर जौ ठीक से अंकुरित न हो तो वह उसके पीछे ग्रहों का दोष भी हो सकता है। मान्यता है कि यह विशेष तौर पर शनि, राहु या केतु की अशुभ स्थिति की वजह से हो सकता है। इसके अलावा पितृ दोष की वजह से भी पूजा-पाठ में बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां
ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, नवरात्रि में जौ का ठीक से न उगना परिवार के लोगों की सेहत से भी जुड़ा हो सकता है। ऐसा कहा जाता है कि अगर जौ ठीक नहीं अंकुरित होते हैं तो हो सकता है कि परिवार के किसी सदस्य की सेहत खराब हो सकती है या फिर पहले से चल रही बीमारी बढ़ सकती है।
घर-परिवार में क्लेश
नवरात्रि में जौ या जवार ठीक नहीं अंकुरित होते हैं तो यह पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव का संकेत भी हो सकते हैं।
क्या हो सकते हैं उपाय और समाधान?
अगर नवरात्रि में ठीक से जौ अंकुरित नहीं होते हैं, तो यहां उपाय और समाधान भी बताए जा रहे हैं। आप अगर नवरात्रि में माता रानी की विधि-विधान से पूजा-पाठ, व्रत करते हैं तो कई संकट टल सकते हैं। इसके अलावा नवरात्रि में कन्या पूजन करने से भी माता रानी की असीम कृपा बनी रहती है।