Vehicle Purchase Muhurat: आप भी नवंबर में नई कार या बाइक खरीदने का बना रहे हैं प्लान? तो ये 5 तारीखें रहेंगी सबसे शुभ
हिंदू धर्म में किसी भी शुभ काम की शुरुआत करने से पहले शुभ मुहूर्त जरूर देखा जाता है. मान्यता है कि शुभ तिथि और नक्षत्र में किए गए कार्यों से सकारात्मक परिणाम मिलते हैं और काम में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं. यही वजह है कि लोग शादी-विवाह, गृह प्रवेश से लेकर नया वाहन खरीदने तक के लिए पंचांग में शुभ दिन और मुहूर्त देखते हैं. ज्योतिष शास्त्र में वाहन खरीदने के लिए भी कुछ खास तिथियों और नक्षत्रों को बेहद शुभ माना गया है.
अगर आप भी नवंबर के महीने में नई कार, बाइक या कोई दूसरा वाहन खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए यह जानकारी काम की हो सकती है. नवंबर 2026 में वाहन खरीदने के लिए कुल 5 शुभ तारीखें मिल रही हैं. इन दिनों में पुष्य, हस्त, चित्रा और रोहिणी जैसे शुभ नक्षत्रों का संयोग बन रहा है. ऐसे में अगर आप नई गाड़ी की डिलीवरी लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले इन तारीखों और शुभ मुहूर्त को नोट कर लें.
वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त नवंबर 2026
1 नवंबर 2026, रविवार: नवंबर महीने की शुरुआत में ही वाहन खरीदने का शुभ अवसर मिल रहा है. इस दिन पुष्य नक्षत्र का संयोग रहेगा, जिसे खरीदारी के लिए बेहद शुभ माना जाता है.
शुभ मुहूर्त: दोपहर 2:51 बजे से अगली सुबह 4:30 बजे तक
नक्षत्र: पुष्य
6 नवंबर 2026, शुक्रवार: नवंबर में वाहन खरीदने के लिए 6 तारीख भी शुभ मानी जा रही है. इस दिन सुबह से ही वाहन खरीदने का अच्छा मुहूर्त रहेगा.
शुभ मुहूर्त: सुबह 10:30 बजे से 7 नवंबर की सुबह 6:37 बजे तक
नक्षत्र: हस्त और चित्रा
25 नवंबर 2026, बुधवार: महीने के आखिरी सप्ताह में 25 नवंबर को भी नया वाहन खरीदने का शुभ संयोग बन रहा है. इस दिन रोहिणी नक्षत्र रहेगा, जिसे ज्योतिष में शुभ नक्षत्रों में गिना जाता है.
शुभ मुहूर्त: सुबह 6:52 बजे से शाम 4:50 बजे तक
नक्षत्र: रोहिणी
26 नवंबर 2026, गुरुवार: अगर आप 26 नवंबर को नई कार या बाइक खरीदना चाहते हैं, तो इस दिन दोपहर से शाम तक शुभ मुहूर्त रहेगा.
शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:15 बजे से शाम 5:47 बजे तक
नक्षत्र: मृगशिरा
5. 29 नवंबर 2026, रविवार: नवंबर महीने में वाहन खरीदने का आखिरी शुभ अवसर 29 नवंबर को मिलेगा. इस दिन पुष्य नक्षत्र का संयोग बन रहा है, जिसे वाहन और अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी के लिए अच्छा माना जाता है.
शुभ मुहूर्त: सुबह 6:55 बजे से 10:59 बजे तक
नक्षत्र: पुष्य

वाहन खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, वाहन खरीदते समय सिर्फ तारीख ही नहीं, बल्कि शुभ समय और पंचांग के अन्य पहलुओं का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है.
शुभ दिन: सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को वाहन खरीदना शुभ माना जाता है.
इन दिनों से बचें: शनिवार और मंगलवार को नया वाहन खरीदने से बचना चाहिए.
राहुकाल का ध्यान रखें: वाहन की खरीदारी या डिलीवरी के समय राहुकाल और भद्रा जैसे अशुभ समय से बचने की सलाह दी जाती है.
पंचक का रखें ध्यान: वाहन खरीदने से पहले पंचांग में पंचक और अन्य अशुभ योगों की स्थिति भी देख लें.

