Pitru Paksha 2026: संतान नहीं, तो क्या इंसान जीते-जी कर सकता है अपना श्राद्ध? गरुड़ पुराण में है इसका जवाब

m
WhatsApp Channel Join Now

पितृपक्ष के 16 दिन पूर्वजों के प्रति इसी ऋण को चुकाने का पावन अवसर होते हैं. साल 2026 में पितृपक्ष 26 सितंबर से आरंभ हुआ है जिसका समापन सर्वपितृ अमावस्या के दिन यानी 10 अक्तूबर को होगा. इस दौरान लोग अपने पितरों की आत्मा की शांति और उनके आशीर्वाद की कामना से अलग-अलग धार्मिक कर्म करते हैं.लेकिन श्राद्ध से जुड़ा एक सवाल ऐसा भी है, जिसके बारे में बहुत कम चर्चा होती है. अगर किसी व्यक्ति की कोई संतान ही न हो या वह पूरी तरह अकेला हो और उसे यह चिंता हो कि उसकी मृत्यु के बाद उसका श्राद्ध कौन करेगा, तो क्या वह अपने जीते-जी ही अपना श्राद्ध कर सकता है? धार्मिक परंपराओं में इस बात को जीवच्छ्राद्ध या आत्म-श्राद्ध से जोड़ा जाता है. गरुड़ पुराण के प्रेत कल्प में श्राद्ध से संबंधित ऐसी मान्यताओं के बारे में विस्तार से बताया गया है.

क्या होता है जीवच्छ्राद्ध या आत्मश्राद्ध?
जीवित व्यक्ति द्वारा अपने लिए श्राद्ध कर्म करने की परंपरा को कुछ धार्मिक परंपराओं में जीवच्छ्राद्ध, जीवत श्राद्ध या आत्मश्राद्ध कहा जाता है. सामान्य श्राद्ध में व्यक्ति अपने दिवंगत माता-पिता, दादा-दादी या अन्य पूर्वजों के लिए पिंडदान और तर्पण करता है. लेकिन आत्मश्राद्ध की अवधारणा में व्यक्ति अपने ही नाम से मृत्यु के बाद किए जाने वाले श्राद्ध कर्म को जीवन में रहते हुए करने की धार्मिक परंपरा से जुड़ा होता है. हालांकि,ये सामान्य श्राद्ध से अलग होता है जिसके कुछ नियम भी होते हैं.

किस व्यक्ति को आत्मश्राद्ध की अनुमति मानी गई है?
गरुड़ पुराण से जुड़ी मान्यताओं के अनुसार, आत्मश्राद्ध का विषय खास परिस्थितियों में आता है. ऐसी स्थिति उस व्यक्ति से जुड़ी मानी जाती है जिसकी कोई संतान नहीं है या जिसके परिवार में ऐसा कोई उत्तराधिकारी नहीं है जो उसकी मृत्यु के बाद श्राद्ध और पिंडदान की परंपरा निभा सके. मान्यता के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को यह चिंता हो कि मृत्यु के बाद उसका विधि-विधान से श्राद्ध करने वाला कोई नहीं होगा, तो वह जीवन में रहते हुए इससे जुड़ा धार्मिक कर्म कर सकता है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि संतान वाला हर व्यक्ति अपनी इच्छा से जीवित रहते अपना श्राद्ध कर सकता है. विशेष रूप से पुत्र या संतान के जीवित होने की स्थिति में इसे सामान्य रूप से करने सही नहीं माना गया है.

गया में आत्मश्राद्ध की परंपरा क्यों जुड़ी है?
बिहार के गया को पिंडदान और श्राद्ध कर्म के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. यहां अलग-अलग वेदियों और धार्मिक स्थलों पर पितरों के निमित्त पिंडदान करने की परंपरा है. गया के जनार्दन मंदिर वेदी से भी आत्मश्राद्ध की परंपरा जोड़ी जाती है. मान्यता है कि कुछ लोग यहां जीवन रहते अपने लिए श्राद्ध कर्म करने पहुंचते हैं. इसी वजह से गया में केवल अपने पूर्वजों का पिंडदान ही नहीं, बल्कि कुछ विशेष परिस्थितियों में आत्मश्राद्ध की धार्मिक परंपरा के कारण भी जाना जाता है.

Share this story