शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजड़ियों का जोर, मजबूती के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार तीसरे कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। माना जा रहा है कि मजबूत ग्लोबल संकेतों, कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी, आईटी सेक्टर में जम कर हुई खरीदारी और इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) के स्तर में कमी आने की वजह से शेयर बाजार में आज लगभग पूरे दिन पॉजिटिव माहौल बना रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। पहले 1 घंटे के कारोबार में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा, लेकिन इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी, रियल्टी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह टेलीकॉम, इंफ्रास्ट्रक्चर, मीडिया, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, बैंकिंग, एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मेटल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.67 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े पांच लाखघ करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 438.81 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 433.30 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.51 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,432 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,796 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,096 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 140 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,973 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,391 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 582 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 296.71 अंक की मजबूती के साथ 76,367.55 अंक के स्तर पर खुला। पहले एक घंटे के कारोबार के दौरान मुनाफा वसूली होने की वजह से यह सूचकांक गिर कर 76,187.92 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही खरीदारी के कारण सेंसेक्स दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद 929.38 अंक की मजबूती के साथ 77,000.22 अंक के स्तर तक पहुंच गया। कारोबार के आखिरी घंटे में मुनाफा वसूली शुरू हो गई। मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 296.09 अंक फिसल कर 633.29 अंक की बढ़त के साथ 76,704.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 51.75 अंक उछल कर 23,632.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले एक घंटे तक इस सूचकांक की चाल में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे दोपहर ढाई बजे के करीब निफ्टी 281.10 अंक की छलांग लगा कर 23,862.25 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट भी दर्ज की गई। आखिरी एक घंटे के कारोबार में हुई बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 84.45 अंक लुढ़क कर 196.65 अंक की मजबूती के साथ 23,777.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जियो फाइनेंशियल 4.46 प्रतिशत, एटरनल 3.37 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.23 प्रतिशत, इंफोसिस 2.77 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोल इंडिया 1.53 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.27 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.06 प्रतिशत, सिप्ला 1.05 प्रतिशत और सन फार्मास्युटिकल्स 0.90 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

