शेयर बाजार में आज विजयादशमी की छुट्टी, एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा कारोबार

WhatsApp Channel Join Now
शेयर बाजार में आज विजयादशमी की छुट्टी, एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा कारोबार


नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। विजयादशमी के मौके पर घरेलू शेयर बाजार में आज छुट्टी है। छुट्टी होने के कारण आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में शेयर बाजार में कोई कारोबार नहीं होगा। शेयर बाजार में आज की छुट्टी की वजह से इस सप्ताह सिर्फ चार दिन ही कारोबार होगा। आज की छुट्टी के बाद बुधवार से शेयर बाजार में सामान्य कारोबार की शुरुआत हो जाएगी।

बीएसई और एनएसई की तरह ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में भी आज विजया दशमी के मौके पर छुट्टी है। हालांकि एमसीएक्स में ये छुट्टी सिर्फ सुबह के सत्र में रहेगी। शाम के कारोबारी सत्र के लिए इसे शाम पांच बजे खोला जाएगा। इसी तरह नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) में भी आज पूरे दिन का अवकाश रहेगा।

स्टॉक एक्सचेंज द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार विजयादशमी की छुट्टी होने के कारण बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। हालांकि कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स सेगमेंट में शाम 5 बजे से रात 11:30 और 11:55 बजे तक का सेशन ओपन रहेगा।

इसी तरह एनएसई में भी विजयादशमी की छुट्टी होने के कारण इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी।

स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार अक्टूबर के महीने में आज विजयदशमी के दिन पड़ने वाली ये दूसरी छुट्टी है। इसके पहले इस महीने दो अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी थी, जबकि आज विजयादशमी की छुट्टी है। इसके बाद 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।

इस साल दिवाली आठ नवंबर को रविवार के दिन मनाई जाएगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इस दिन को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए इस बार भी पिछले साल की तरह ही दोपहर बाद का ही समय तय किया गया है। एनएसई के टाइम टेबल के अनुसार दिवाली के दिन दोपहर 2:20 बजे मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763755 Articles

Share this story