शेयर बाजार में 3 अप्रैल को छुट्टी, गुड फ्राइडे के कारण बीएसई और एनएसई पर नहीं होगी ट्रेडिंग

WhatsApp Channel Join Now
शेयर बाजार में 3 अप्रैल को छुट्टी, गुड फ्राइडे के कारण बीएसई और एनएसई पर नहीं होगी ट्रेडिंग


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार यानी 03 अप्रैल को गुड फ्राइडे के मौके पर छुट्टी रहने वाली है। छुट्टी होने की वजह से बीएसई और एनएसई दोनों एक्सचेंज में उस दिन ट्रेडिंग नहीं होगी। इससे पहले मंगलवार को श्री महावीर जयंती के कारण भी शेयर बाजार में छुट्टी थी। मौजूदा कारोबारी सप्ताह में दो दिन छुट्टी रहने के कारण इस सप्ताह सिर्फ तीन दिन ही कारोबार होने वाला है।

स्टॉक एक्सचेंज द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार 03 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी होने के कारण बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर), कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे है। इसी तरह एनएसई में भी इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी।

स्टॉक मार्केट द्वारा जारी हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार साल 2026 में जनवरी से लेकर दिसंबर तक शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा कुल 16 दिन छुट्टी की घोषणा की गई है। पूरे साल के दौरान सबसे अधिक छुट्टी मार्च के महीने में दी गई है। मार्च के महीने में तीन मार्च को होली की छुट्टी थी, जबकि 26 मार्च को रामनवमी और मार्च के आखिरी दिन 31 मार्च को श्री महावीर जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी थी।

इस माह 03 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी रहेगी, जबकि 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। इसी तरह 01 मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा, जबकि 28 मई को स्टॉक मार्केट में बकरीद की छुट्टी रहेगी। जून के महीने में सिर्फ एक दिन 26 जून को मोहर्रम के कारण स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं होगा।

इस हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक जुलाई और अगस्त में स्टॉक मार्केट में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा और कोई छुट्टी नहीं होगी। सितंबर के महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होगी, जबकि अक्टूबर के महीने में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा।

इसी महीने 20 तारीख को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।

इस साल स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त शनिवार के दिन रहने वाला है। इसी तरह दिवाली 08 नवंबर को रविवार के दिन होगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इन दोनों दिनों को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। हालांकि मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story