शुरुआती बढ़त बनाने के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 87 हजार करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती बढ़त बनाने के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 87 हजार करोड़ की चपत


शुरुआती बढ़त बनाने के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 87 हजार करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। सेंसेक्स की एक्सपायरी वाले दिन घरेलू शेयर बाजार शुरुआती कारोबार में बढ़त हासिल करने के बावजूद लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। माना जा रहा है कि ऊपरी स्तर से मुनाफा वसूली होने और आईटी, ऑटोमोबाइल तथा एफएमसीजी जैसे कुछ चुनिंदा सेक्टर्स में जमकर बिकवाली होने के कारण शेयर बाजार अपनी बढ़त को बरकरार नहीं रख सका।

आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। पहले आधे घंटे के कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई। ऊपरी स्तर से हो रही बिकवाली की वजह से सेंसेक्स इंट्रा-डे में 770 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में 150 अंक से अधिक का गोता लगाया। बाजार की कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों को आज एक दिन में ही लगभग 87 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.55 प्रतिशत और निफ्टी 0.17 प्रतिशत के गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 154.60 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,724.95 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में मामूली बिकवाली भी हुई, लेकिन इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स 354.13 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,924.48 अंक के स्तर पर आ गया।

इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक गिरता चला गया। हालांकि, खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाकर बाजार को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 771.62 अंक लुढ़क कर 417.49 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,152.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 83.50 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की छलांग लगा कर 23,997.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी 110.95 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,025.40 अंक के स्तर पर पहुंच गया।

इसके बाद शेयर बाजार में मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया। शेयरों की बिक्री शुरू हो जाने की वजह से यह सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गया। हालांकि बीच-बीच में लिवाली की कोशिश भी होती रही, लेकिन यह सूचकांक गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 151.95 अंक फिसल कर 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,873.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान रियल्टी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह मीडिया सेक्टर के शेयरों की मांग भी लगातार बनी रही। इन दोनों सेक्टर्स में जम कर हुई खरीदारी के कारण रियल्टी इंडेक्स 2.50 प्रतिशत और मीडिया इंडेक्स 1.70 प्रतिशत की मजबूती हासिल करने में सफल रहे। इसी तरह बैंकिंग, कैपिटल गुड्स और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों की आज जम कर बिकवाली होती रही। इसके अलावा कंज्यूमर ड्युरेबल्स, फार्मास्यूटिकल, मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार खरीदारी होती रही।

इस खरीदारी के कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.20 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 85 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 487.10 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 487.97 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 87 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,234 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,985 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,249 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 7 शेयर बढ़त के साथ और 23 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी पोर्ट्स 2.02 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.04 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.83 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 0.71 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज ऑटो 1.73 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.54 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 1.29 प्रतिशत, सिप्ला 1.28 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story