शुरुआती बढ़त के बाद गिरावट का शिकार हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.37 लाख करोड़ की चपत

WhatsApp Channel Join Now
शुरुआती बढ़त के बाद गिरावट का शिकार हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.37 लाख करोड़ की चपत


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन शुरुआती बढ़त बनाने के बाद गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। शुरुआती कारोबार में मामूली उतार-चढ़ाव होने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने तेजी हासिल कर ली, लेकिन यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। पहले एक घंटे का कारोबार खत्म होने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से दोनों सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

माना जा रहा है कि विदेशी निवेशकों द्वारा जमकर की गई बिकवाली, ऊपरी स्तर पर हुई मुनाफा वसूली और आईटी स्टॉक्स की जोरदार गिरावट ने घरेलू शेयर बाजार में निगेटिव सेंटीमेंट बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। इसके अलावा इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) की उछाल ने भी शेयर बाजार के कारोबार पर नकारात्मक असर डाला।

बीएसई का सेंसेक्स आज 42.51 अंक यानी 0.06 प्रतिशत उछल कर 74,901.50 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद कुछ देर तक इस सूचकांक की चाल में मामूली उतार-चढ़ाव होता रहा लेकिन इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से पहले एक घंटे का कारोबार होने के कुछ देर बाद सेंसेक्स 179.94 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की छलांग लगा कर 75,038.93 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में पहुंच गया।

शेयरों की लगातार हो रही बिकवाली की वजह से दोपहर दो बजे के करीब यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 615.22 अंक फिसल कर 435.28 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,423.71 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके कुछ देर बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 105.37 अंक की रिकवरी कर 329.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,529.08 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी में आज 39.75 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की छलांग लगा कर 23,454.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक की चाल कुछ देर तक ऊपर नीचे होती रही। इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक 74.70 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,489 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण कुछ देर में ही यह सूचकांक अपनी पूरी मजबूती खोकर लाल निशान में पहुंच गया।

लगातार हो रही शेयरों की बिक्री की वजह से दिन के दूसरे सत्र में निफ्टी ऊपरी स्तर से 203.25 अंक टूट कर 128.55 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,285.75 अंक के स्तर तक आ गया इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 43.25 अंक सुधर कर 85.30 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,329 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों पर लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.86 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स 0.68 प्रतिशत टूट कर बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, मीडिया सेक्टर के शेयरों की आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण मीडिया इंडेक्स एक प्रतिशत की बढ़त हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह रियल्टी इंडेक्स भी 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.23 प्रतिशत फिसल कर आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 480.31 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 482.68 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.37 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,581 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,174 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,189 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 218 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,253 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,448 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,805 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर बढ़त के साथ और 23 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान में और 35 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोल इंडिया 3.21 प्रतिशत, एटरनल 1.82 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियेशन 1.80 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 1.10 प्रतिशत और डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.65 प्रतिशत, नेस्ले 1.52 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.43 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.22 प्रतिशत और सन फार्मास्यूटिकल्स 1.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story