शानदार रिकवरी के बावजूद कमजोरी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1.05 लाख करोड़ की चपत
- सेंसेक्स निचले स्तर से 1,023 अंक उछला, निफ्टी ने भी निचले स्तर से लगाई 308 अंक की छलांग
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। निचले स्तर पर हुई वैल्यू बाइंग और पीएसयू बैंक सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार रिकवरी के कारण घरेलू शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट के बाद काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का चौतरफा दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बड़ी गिरावट का शिकार हो गए। सेंसेक्स 1,150 अंक से अधिक टूट गया। वहीं, निफ्टी ने भी 330 अंक से अधिक का गोता लगाया।
माना जा रहा है कि अमेरिका द्वारा भारत पर एक बार फिर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने की आशंका और पश्चिम एशिया में दोबारा तनाव बढ़ने के आसार की वजह से शेयर बाजार जबरदस्त कमजोरी का शिकार हो गया। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाकर इन दोनों सूचकांकों की स्थिति काफी हद तक सुधार दी। सेंसेक्स निचले स्तर से 1,023 अंक रिकवर करने में सफल रहा वहीं, निफ्टी ने निचले स्तर से 308 अंक की रिकवरी की। इस रिकवरी के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी आज लगातार लाल निशान में ही कारोबार करते रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.41 प्रतिशत और निफ्टी 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर में जम कर बिकवाली होती रही। इस जोरदार बिकवाली के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 5.57 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स 3.12 प्रतिशत टूट कर बंद हुआ। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस और मेटल इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, हेल्थ केयर, कैपिटल गुड्स और ऑटोमोबाइल इंडेक्स बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 460.98 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 462.03 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,386 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,812 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,400 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 174 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,985 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,208 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,777 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 142.11 अंक की कमजोरी के साथ 74,507.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मंदड़ियों ने बिकवाली का दबाव बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 12 बजे के करीब सेंसेक्स 1,157.24 अंक टूट कर 73,492.60 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 1,023.05 अंक की रिकवरी कर 74,515.65 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि अंत में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 169.48 अंक फिसल कर 303.67 अंक की गिरावट के साथ 74,346.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 67.60 अंक टूट कर 23,415.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 23,447.65 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिरता चला गया। दोपहर 12 बजे तक निफ्टी 332.05 अंक लुढ़क कर 23,151.50 अंक के स्तर पर पहुंच गया था।
इसके बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 308.15 अंक सुधर कर 23,459.65 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। निचले स्तर से हुई इस शानदार रिकवरी के बाद अंतिम आधे घंटे के कारोबार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 54.05 अंक फिसल कर 77.95 अंक की गिरावट के साथ 23,405.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल 2.48 प्रतिशत, टीएमपीवी 2.04 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.78 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 1.44 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 1.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीसीएस 8.39 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 6.31 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 5.19 प्रतिशत, इंफोसिस 3.79 प्रतिशत और विप्रो 2.74 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

